बीस जून से दस जुलाई तक होगा खाद्यान्न वितरण,अन्य लघु खबरों के साथ

        बीस जून से दस जुलाई तक होगा खाद्यान्न वितरण
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि माह जुलाई के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का 20 जून से 10 जुलाई तक अन्त्योदय कार्डधारको को 14 किग्रा0 गेहूँ तथा 21 किग्रा0 फोर्टिफाईड चावल (कुल 35 किग्रा0 खाद्यान्न) प्रतिकार्ड तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारको को उनके कार्ड से संबद्ध प्रत्येक यूनिट पर 2.0 किग्रा0 गेहूं तथा 3.0 किग्रा0 फोर्टिफाईड चावल (05 किग्रा0 खाद्यान्न) निःशुल्क वितरण ई-पॉस मशीन के माध्यम से जिलाधिकारी द्वारा नामित नोड़ल/पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में नियमानुसार कराया जायेगा।
उन्होने कहा कि गेहूं व चावल के निःशुल्क वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन कर सकेंगे आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर सकने वाले उपभोक्ताओं हेतु मोबाईल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की तिथि वितरण की अन्तिम तिथि 10 जुलाई होगी। निःशुल्क वितरण हेतु दुकानवार, क्षेत्रवार पर्यवेक्षणीय, नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत उचित दर दुकानों पर सतर्क निगरानी रखेंगे और भ्रमणशील रहकर आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। किसी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही हेतु सम्बन्धित उपजिलाधिकारी कार्यालय एवं जिला पूर्ति कार्यालय में आख्या उपलब्ध करायेंगे। इसलिए जनपद के सभी अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को सूचित किया जाता है कि उपरोक्तानुसार अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारक सम्बद्ध यूनिटों पर निःशुल्क खाद्यान्न (गेहूँ व चावल) 20 जून से 10 जुलाई तक सम्बन्धित उचित दर विक्रेता से ई-पॉस मशीन के माध्यम से नियमानुसार प्राप्त कर लें। समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया जाता है कि शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों अनुपालन करते हुए अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारको को आवश्यक वस्तुओं का निःशुल्क वितरण ई-पॉस मशीन के माध्यम से दुकानों पर नियुक्त पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में करेंगे।
—————————————– 
ट्रक से चोरी की सूचना पर पहुंची पीआरवी
– सरसों के तेल के दो गत्ते किए बरामद
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में यूपी 112 के किये जा रहे सराहनीय कार्य के क्रम में बुधवार को कॉलर ने बताया कि शिव होटल के पास थाना बकेवर में गाडी नं0-आरजे-19जीएच/4610 से सामान चोरी हो गया है। सूचना पर पी0आर0वी0 वाहन 7247 ने तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए घटनास्थल पर लगभग पांच मिनट में पहुँचकर कालर से जानकारी की तो बताया कि गाडी में सरसों के तेल के गत्ते लोड थे। अज्ञात लोगों ने गाडी में चढकर पांच गत्ते निकाल लिये हैं। पीआरवी कर्मियों ने आस-पास बहुत खोजबीन करके सरसों तेल के दो गत्ते बरामद कर कालर को सुपुर्द किए। गत्ते चोरी करने वाले मौके से फरार हो गए। पीआरवी 7247 के किये गये इस कार्य की कॉलर एवं आम जनमानस ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस मौके पर पीआरवी में कमाण्डर आरक्षी संदीप कुमार व पायलट होमगार्ड राजबहादुर शामिल रहे।
——————————————- 
यमुना नदी में रोक के बाद भी मत्स्य शिकार जारी
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र के यमुना तटवर्ती इलाकों में शासन द्वारा मछली प्रजनन जून से अगस्त तक मत्स्य आखेट पर सख्त प्रतिबंध लगाने के बावजूद मछुआरों द्वारा मस्त्य शिकार धड़ल्ले से जारी है। सैकड़ों नाविक मछुआरे रात-दिन बेखौफ होकर यमुना नदी में जाल डालकर मछलियों का शिकार कर रहे हैं, जिससे मछली संरक्षण की सरकारी नीति ध्वस्त हो रही है।
यमुना नदी के मुख्य घाटों से हटकर मछुआरों ने झोपड़ पट्टियां बना ली हैं और वहां से सुबह-शाम जाल डालकर मछलियों का शिकार कर लाखों की बिक्री कर रहे हैं। कुछ बड़े मछुआरों के दल केमिकल का उपयोग कर छोटी मछलियों को मारकर कुंतलों की बिक्री भी कर रहे हैं, जो मछली प्रजनन के लिए घातक है। बिना टेंडर प्रक्रिया के यमुना घाटों पर मत्स्य आखेट से सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही है। विभागीय अधिकारी और स्थानीय प्रशासन शासन के प्रतिबंध के बावजूद मौन हैं और कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस कारण मछुआरों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। खागा तहसील के किशनपुर थाना क्षेत्र के महावतपुर असहट घाट, जगदीशपुर सिघरी, गुरुवल घाट, मड़ौली, गढ़ीवा, भसरौल, एकडला आदि यमुना घाटों पर भोर के समय से ही सैकड़ों नाविक मछुआरों का दल शिकारमाही पर सक्रिय रहता है। इसके अलावा खखरेडू और धाता थाना क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों में भी यह स्थिति बनी हुई है। एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि मत्स्य आखेट करना पूरी तरह से पाबंद है। जांच कराकर करवाई की जाएगी।
——————————————- 
जुलाई माह का फ्री राशन वितरण बीस जून से होगा
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। आपूर्ति विभाग ने जुलाई माह के फ्री राशन वितरण की तारीख का ऐलान कर दिया है। जिन कार्ड धारकों ने जून का राशन पहले ही ले लिया है, वे अब 20 जून से जुलाई का राशन भी प्राप्त कर सकेंगे। यह वितरण अभियान 10 जुलाई तक चलेगा।
इस बार अंत्योदय कार्ड धारकों को 35 किलो मुफ्त राशन मिलेगा, जिसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल शामिल है। इसके अलावा तीन माह की तीन किलो चीनी भी 18 रुपये प्रति किलो की दर से वितरित की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक भास्कर मिश्र और हरीश साहनी ने बताया कि अगर किसी लाभार्थी को वितरण के दौरान कोई समस्या आती है तो वह टोल फ्री नंबर 18001800150 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकता है।
—————————————- 
 कोरारी में स्थापित मिनी स्प्रिंकलर का किया निरीक्षण
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला उद्यान अधिकारी डा० रमेश पाठक ने बहुआ विकास खण्ड के ग्राम कोरारी के कृषक हीरालाल व अजय कुमार के प्रक्षेत्र पर स्थापित सूक्ष्म सिंचाई सयंत्र (मिनी स्प्रिंकलर) का निरीक्षण किया। मौके पर विजय कुमार चौरसिया व० उ०नि० व डा० सुनील कुमार, स०उ०नि उपस्थित रहें। कृषक के प्रक्षेत्र पर वॉलसन पॉलीप्लास्ट फर्म द्वारा स्थापना की गयी।
कृषक हीरालाल द्वारा जानकारी दी गयी कि उद्यान विभाग के क्षेत्रीय प्रभारी द्वारा पर ड्रॉप मोर कॉप माइकोइरीगेशन योजना की जानकारी दी गयी। जिससे मूंग की फसल में मिनी स्प्रिंकलर सूक्ष्म सिचाई सयत्र की स्थापना करायी गयी है। सिचाई में इस सयंत्र से पानी की अत्याधिक बचत होगी एवं दवा छिड़काव हेतु श्रमिकों में किये जाने वाले व्यय में भी बचत होगी। किसान द्वारा मौके पर अवगत कराया गया कि सूक्ष्म सिंचाइ संयंत्र को देखने हेतु आस-पास के अन्य किसान भी आये एवं जानकारी प्राप्त किये एवं आश्वासन दिया गया कि उनके द्वारा भी उद्यान विभाग में संचालित उक्त योजना का लाभ लिया जायेगा। जिला उद्यान अधिकारी द्वारा कृषक को बताया गया कि फर्म 03 वर्ष तक ऑफटर रोल सर्विस प्रदान करेगी अर्थात सिंचाई सयंत्र में किसी प्रकार की समस्या, टूट फूट होने पर सामग्री कृषक द्वारा कय की जायेगी। श्रमिक व्यय कम्पनी द्वारा वहन किया जायेगा। जनपद के कृषक अधिक जानकारी हेतु किसी कार्य दिवस में कार्यालय विकास भवन के कमरा सं0 138-139 में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते है।
——————————————– 
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास चौराहे के समीप अज्ञात वाहन बाइक सवार को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे बाइक सवार रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था मे उसको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के चकसकरनपुर गांव निवास भूरा सिंह का 56 वर्षीय पुत्र मंगल सिंह बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए शहर आया था। जब वह सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास चौराहा के समीप था। तभी अज्ञात वाहन उसकी बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे बाइक चालक मंगल सिंह गम्भीर रुप से घायल हो गया। स्थानीयों ने फोन कर घटना की सूचना सरकारी 108 एंबुलेंस को दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेन्स ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।

किसान पर मधुमक्खियो ने किया हमला, जख्मी
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के बुधइयापुर गांव के समीप स्थित खेत में मूँग तोड़ने गए किसान पर मधुमक्खियों ने हमला कर उसको गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जिसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो तुरंत मक्खियों के जंगल से छुड़ाकर उसको इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बुधइयापुर गांव निवासी चंदा का 18 वर्षीय पुत्र कमल गांव के समीप स्थित खेत में मूंग तोड़ने गया था। तभी मधुमक्खियों का कही से एक झुंड आ गया। उसने खेत मे मूँग तोड़ रहे कमल पर हमला कर दिया। गजतन की जानकारी परिजन और ग्रामीणो को हुई तो तुरन्त मौके पर पहुंचे और आग जलाकर किसी तरह से उसको मधुमक्खियो के चंगुल से मुक्त कर फोन कर घटना की सूचना सरकारी 108 एम्बुलेन्स को दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेन्स ने उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
————————————– 
महिला को ज़हरीले सांप ने काटा, भर्ती
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव में घर में घरेलू काम कर रही महिला को वहां छिपे ज़हरीले सांप ने काट लिया। सांप काटने की जानकारी परिजनों को हुई तो तुरंत परिजन उसको इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी राज कमल की 40 वर्षीय पत्नी शिव रानी आज सुबह अपने घर की साफ सफाई कर रही थी। तभी वहां छिपे ज़हरीले सांप ने उसको काट लिया। सांप काटने की बात उसने अपने परिजनों को बताई तो घर में हड़कम्प मच गया। तुरन्त फोन कर घटना की सूचना सरकारी 108 एम्बुलेन्स को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं एम्बुलेन्स ने महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *