अलग- अलग मार्ग दुर्घटनाओं में महिला समेत छह घायल,लघु खबरों के साथ
अलग- अलग मार्ग दुर्घटनाओं में महिला समेत छह घायल,लघु खबरों के साथ
अलग- अलग मार्ग दुर्घटनाओं में महिला समेत छह घायल
– चार घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर
फोटो परिचय- घायल को लेकर जाती एंबुलेंस। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर। अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने गंभीर घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदकी-जोनिहा मार्ग में कोरवा गांव के समीप सुबह लगभग 7.30 बजे अचानक सामने आ गए कुत्ते से टकराकर बाइक सड़क में गिर गई। जिसके चलते बाइक में सवार जयप्रकाश 43 वर्ष पुत्र राज नारायण व पुष्पेंद्र उम्र 25 वर्ष पुत्र बबलू एवं किरण देवी 40 वर्ष पत्नी जयप्रकाश सभी निवासी ग्राम डिघौट थाना चिल्ला जनपद बांदा घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक ने जयप्रकाश की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल जयप्रकाश के परिजन ने बताया कि यह बाइक सवार तीनों लोग अपने गांव से उन्नाव जनपद रिश्तेदारी में जा रहे थे। तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई। उधर कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के अंतर्गत दरवेशाबाद पावर हाउस के निकट कार की टक्कर से एक ही बाइक में सवार रवि राजपूत पुत्र दिनेश राजपूत, प्रदीप राजपूत 40 वर्ष पुत्र शिवकुमार राजपूत निवासी उमरगना थाना मलवां व इस बाइक में सवार लक्ष्मण 19 वर्ष पुत्र नरेश निवासी मोहल्ला राधानगर घायल हो गए। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली बिंदकी के सब इंस्पेक्टर यश करण सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। बताया जाता है कि उमर गहना गांव से सभी लोग बिंदकी की ओर जा रहे थे। बिंदकी में एक मुंडन संस्कार में सभी को शामिल होना था। कुछ लोग आगे ट्रैक्टर में आगे निकल जा चुके थे। बाद में बाइक से यह लोग जा रहे थे तभी चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया टक्कर मार दिया।
————————–
भंडारे में भक्तों ने चखा प्रसाद, बोले जय माता दी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़खागा, फतेहपुर। नवरात्र के नवें दिन नगर के दुर्गा पंडालों व मंदिरों में भक्तों ने मां दुर्गा के नवें स्वरूप की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि व मंगलकामना की। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों और पंडालों में उमड़ पड़ी। जगह-जगह विशेष सजावट के बीच मां का श्रृंगार किया गया। भजन, कीर्तन और आरती के दौरान वातावरण भक्तिमय हो उठा। शंखनाद, घंटा और जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। आरती उपरांत प्रसाद वितरण हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद ग्रहण किया।
नगर के प्रमुख अयोध्या मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था में विनय गुप्त, शनि सोनी और संजय समेत कई भक्त सक्रिय रहे। इसी प्रकार चतुर्भुजी मंदिर में भी भंडारा हुआ। यहां आदर्श कुमार, रवि सिंह और गौरी ने व्यवस्था संभाली। दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु मां की आराधना करते रहे। नवरात्र के अंतिम दिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और भंडारों ने नगर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। श्रद्धालुओं ने उपवास तोड़कर प्रसाद ग्रहण किया और मां से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
———————— टोल कर्मियों ने लगाया रक्तदान शिविर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। क्षेत्र के पुरईन टोल प्लाजा पर टोल प्रबंधन द्वारा सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में टोल प्लाजा के कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
टोल प्रबंधक वलीउल्ला ने बताया कि यह शिविर रायसीना अस्पताल के चिकित्सकों की देखरेख में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने के लिए यह एक अमूल्य योगदान है। शिविर में आए चिकित्सकों ने पहले रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें रक्तदान के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। शिविर में शामिल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह दिखाया। शिविर स्थल पर सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजन के दौरान चिकित्सकों ने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया, ताकि रक्तदान के बाद उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। वलीउल्ला ने सभी कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। टोल प्रबंधन समय-समय पर इस तरह के सामाजिक कार्यों में भागीदारी करता रहेगा, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जा सके। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में जागरूकता का संदेश गया और लोगों ने एक स्वर में कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता।
—————————— फांसी लगा युवक ने दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अजनई में घरेलू कलह के चलते 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी ले गये। जहां चिकित्सीय उपचार के बाद हालत ठीक न होने पर सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार अजनई गांव निवासी धीरेन्द्र सिंह का पुत्र जयचन्द्र ने बुधवार की सुबह घरेलू कलह के चलते फांसी लगा लिया। तभी परिजनों की नजर कमरे में फंसी पर लटके जयचन्द्र को देख हडकंम मच गया। जल्दी-जल्दी से फांसी से छुडा परिजन उपचार के लिए सीएचसी ले गये। जहां चिकित्सक ने हालत ठीक न होने पर सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने सूचना पाकर जिला चिकित्सालय मोर्चरी पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————— ट्रेन में युवक की बिगड़ी हालत, मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ट्रेन में सफर कर रहे 19 वर्षीय युवक की अचानक हालत बिगड़ जाने पर उसे फतेहपुर रेलवे स्टेशन उतारा गया। जहां उसकी मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार बिहार प्रान्त के जिला कैमूर थाना मछनिया गांव लुलपुरवा अकोली निवासी शम्भूराम का पुत्र नितीश दशहरे के पर्व पर अपने घर जा रहा था। बताते हैं कि अचानक ट्रेन में ही उसकी हालत बिगडने लगी जिस पर बोगी में मौजूद मुसाफिरों ने इसकी सूचना टीटी को दी। जिस पर ट्रेन को फतेहपुर स्टेशन में रोंका गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————— करंट की चपेट में आयी किशोरी, भर्ती एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुसरूपुर में बुधवार की सुबह लोहे के दरवाजे में करंट उतरने से 15 वर्षीय किशोरी चपेट में आ गयी। जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी। उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार अनुसार खुसरूपुर गांव निवासी पुनीत त्रिपाठी की पुत्री प्रिया त्रिपाठी बुधवार की सुबह घरेलू काम कर रही थी। तभी काम करते समय उसने मेन लोहे के गेट को छू लिया। जिस पर करंट उतर रहा था। चपेट में आ गयी और उसकी हालत बिगड़ गयी। परिजन उसे अपने निजी वाहन से उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
————————– छिपकली पड़ी चाय पीने से मां व दो बेटी की बिगड़ी हालत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव में आज सुबह घर मे चाय बनाते समय उसमें छिपकली गिर गई और उसी चाय को माँ व उसकी बेटियों ने पी लिया। जिससे उनकी तबियत बिगड़ने लगी तो परिजनों को जानकारी हुई। तुरंत उनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के औरेई गांव निवासी राम प्रताप की 45 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी ने सुबह अपने घर में चाय बनाया तभी चाय में छिपकली गिर गई। जिस पर सुनीता की नज़र नही पड़ी उसने उस चाय को खुद पिया और अपनी 18 वर्षीय पुत्री अनामिका और 11 वर्षीय दूसरी पुत्री फलक को भी पिलाया। जब कुछ देर बाद तीनो की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने देखा तो बची हुई चाय में छिपकली पड़ी थी। तुरंत फोन कर घटना की सूचना सरकारी एम्बुलेन्स को दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उनका इलाज कर रहे है।
———————– बाइकों की भिडं़त में वृद्ध घायल, भर्ती एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के विद्यार्थी चौराहे के समीप बाइकों की भिडन्त हो गई। जिसमें एक बाइक सवार घायल हो गया घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर चौराहा मोहल्ला निवासी राम दयाल का 60 वर्षीय पुत्र राम नरेश बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए निकला था। तभी कोतवाली क्षेत्र विद्यार्थी चौराहे पर दूसरे बाइक सवार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दिया। जिससे राम नरेश रोड पर गिरकर घायल हो गया, घायल अवस्था मे उसको उसी बाइक सवार ने इलाज के लिए नज़दीकी एक प्राईवेट अस्पताल पहुंचाकर वहाँ से निकल गया। घटना की सूचना उसके परिजन को हुई तो मौके पर पहुंचे और उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
———————— महिला को जहरीले कीड़े ने काटा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हथगांम थाना क्षेत्र के लाडलेपुर गांव में महिला बीती रात अपने घर में सो रही थी। तभी उसको किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया जिसकी जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरंत उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहाँ डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के लाडलेपुर गाँव निवासी घनश्याम की 50 वर्षीय पत्नी विनीता देवी बीती रात अपने घर में सो रही थी। तभी उसको किसी ज़हरीले कीड़े ने काट लिया। जिसकी जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरन्त उसको इलाज के लिए हथगांम सीएचसी लेकर पहुंचे। जहाँ डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वही जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे है।