राजस्व वसूली में हमीरपुर ने प्रदेश में लहराया परचम, CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रथम स्थान
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (CM Dashboard) द्वारा नवंबर 2025 माह के लिए जारी नवीनतम रैंकिंग में जनपद हमीरपुर ने राजस्व वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के कुशल मार्गदर्शन और प्रभावी रणनीति के चलते जनपद ने यह उपलब्धि अर्जित की है।
गौरतलब है कि पिछले माह प्रदेश स्तर पर छठे स्थान पर रहा हमीरपुर जनपद नवंबर माह में लंबी छलांग लगाते हुए उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। विविध सरकारी देयों की वसूली में हुए इस ऐतिहासिक सुधार को प्रशासनिक सक्रियता और सतत निगरानी का परिणाम माना जा रहा है।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना द्वारा तहसील स्तर पर लगातार समीक्षा बैठकें की गईं और राजस्व विभाग की टीम को लक्ष्यबद्ध एवं सख्त निर्देश दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप राजस्व वसूली में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि छठे स्थान से सीधे प्रथम स्थान पर पहुंचना टीम वर्क, कर्तव्यनिष्ठा और प्रतिबद्ध प्रशासनिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आने वाले समय में भी जनपद को विकास और राजस्व से जुड़े सभी मानकों पर प्रदेश में अग्रणी बनाए रखना है।
जनपद की इस सफलता से न केवल प्रशासनिक तंत्र का मनोबल बढ़ा है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी यह एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।

