अमृत–2 योजना के तहत कालपी को 88.52 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेयजल सुधार के लिए दी स्वीकृति
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन कालपी (जालौन) –– बुंदेलखंड के प्रवेश द्वार और ऐतिहासिक नगरी कालपी के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमृत–2 योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद कालपी के लिए 88 करोड़ 52 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह राशि नगर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रदान की गई है।

कालपी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने इस ऐतिहासिक स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने दूरभाष पर जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बुंदेलखंड के विकास को लेकर गंभीर हैं और कालपी जैसी ऐतिहासिक नगरी के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
विधायक ने बताया कि यह मांग उनके विधायक बनने के बाद से लगातार की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया। अमृत–2 योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि से पाइपलाइन नेटवर्क, जल भंडारण टैंक तथा आधुनिक जल शोधन प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे घर-घर शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिलेगी, महिलाओं व बुजुर्गों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।
विधायक विनोद चतुर्वेदी ने यह भी संकेत दिया कि शीघ्र ही कालपी को पर्यटन क्षेत्र में बढ़ावा देने से जुड़ी नई स्वीकृतियां भी मिल सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज़ादी के आंदोलन की साक्षी रही इस ऐतिहासिक नगरी का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है