बिंदकी विधायक जैकी का समर्थकों ने मनाया जन्मदिन, अन्य लघु खबरों के साथ

   बिंदकी विधायक जैकी का समर्थकों ने मनाया जन्मदिन
विधायक को भारी-भरकम माला पहनाकर की दीर्घायु की कामना
फोटो परिचय-  बिंदकी विधायक जैकी को माला पहनाते समर्थक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बिन्दकी विधानसभा सीट से विधायक एवं पूर्व कारागार राज्यमंत्री जय कुमार जैकी का जन्मदिन शनिवार को सोमेस मनोज गुप्ता व मोईन खान की अगुवई में हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। नऊवाबाग स्थित अपना दल (एस) के पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक जय कुमार जैकी को सोने की चेन, 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं 21 किलो का केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम स्थल को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। आतिशबाजी के साथ खुशी का इजहार किया गया, जिससे माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। समारोह में मौजूद समर्थकों ने विधायक के जनसेवाभाव और नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्जवल राजनीतिक भविष्य की कामना की। इस अवसर जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष मो0 जुनैद, तेलियानी मंडल अध्यक्ष राज बहादुर पासवान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश उर्फ डॉ. झटका पासवान, किसान नेता बबलू कालिया, व्यवसायी सुधीर त्रिपाठी, भाजपा मंडल मंत्री सुभाष सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल, महिला जिलाध्यक्ष कांति कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
पुलिया से टकराई अनियंत्रित कार, वृद्ध की मौत
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी के समीप नहर पुलिया के पास शुक्रवार की रात अचानक नीलगाय सामने आ जाने पर अनियंत्रित होकर कार पुलिया से टकरा गई। जिसमें 60 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुत्र मामूली तौर पर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बहियापुर मजरे रामपुर भसरौल गांव निवासी राजेश अग्निहोत्री पुत्र स्व0 बालकृष्ण अपने पुत्र के साथ खागा से कार द्वारा वापस गांव जा रहे थे। जैसे ही यह लोग नरैनी के समीप नहर पुलिया पर पहुंचे तभी अचानक नीलगाय सड़क पार करने लगी जिससे अनियंत्रित होकर कार पुलिया से टकरा गई। जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुत्र मामूली तौर पर चुटहिल हो गया। सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————- 
डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत के पास एनएच-2 में शुक्रवार की रात बाइक से दुकान बंद कर घर वापस जा रहे 37 वर्षीय बाइक सवार को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली के बुदवन गांव निवासी नरसिंह का पुत्र हुकुम चन्द्र की खागा में आलमारी बक्से की दुकान है। बताते हैं कि रात लगभग आठ बजे दुकान बंद कर बाइक से घर वापस जा रहा था। जब वह नगर पंचायत एनएच-2 के पास पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे हुकुमचन्द्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————- 
युवक ने खाया जहरीला पदार्थ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरौंहा में शनिवार की सुबह परिजनों से लड़कर 25 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बरौंहा गांव निवासी मुन्ना तिवारी का पुत्र शिवम तिवारी ने शनिवार की सुबह परिजनों से लड़ने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।
———————————— 
हीटर तापते समय युवक झुलसा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर में शनिवार की सुबह हीटर तापते समय 30 वर्षीय युवक बुरी तरह झुलस गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार करनपुर गांव निवासी रामेन्द्र का पुत्र नरेन्द्र आज सुबह घर के अंदर बैठा हीटर ताप रहा था। तभी अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक के शरीर में लगी आग को बुझाया और तत्काल उसे सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
——————————- 
अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों के दौरान तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत गंभीर देख कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव निवासी घूरू का 20 वर्षीय पुत्र प्रेमकुमार अपने साथी जय अवस्थी के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। तभी हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चंदीपुर के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से दोनों बुरी तरह घायल हो गए। उधर हुसैनगंज थाने के ही चितीसापुर गांव निवासी बसंत लाल का 56 वर्षीय पुत्र छंगूलाल बाइक द्वारा सामान लेने जा रहा था। तभी मुरांव के समीप सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने जय अवस्थी की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *