आस्था की डुबकी, सेवा की मिसाल : कालपी में मकर संक्रांति पर कंबलों से ढकी गरीबों की ठिठुरन
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन कालपी (जालौन), 14 जनवरी — मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर कालपी में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने यमुना नदी के बिहारी घाट, पीला घाट, बाई घाट, डोढेश्वर घाट सहित विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने यमुना तट के समीप स्थित मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व पर गरीब व असहाय लोगों की मदद कर दान देना महान पुण्य का कार्य है। इसी भावना के साथ नगर पालिका एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा गरीबों व जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर गरीबों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
बुधवार को राजघाट स्थित बिहारी मंदिर के समीप यमुना तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के स्नान का क्रम जारी रहा। वहीं लगे मेले में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव के सानिध्य में सहयोगियों द्वारा श्रद्धालुओं को गरम-गरम आलू बंडा एवं चाय का प्रसाद वितरित किया गया तथा लगभग दो सौ से अधिक कंबलों का वितरण जरूरतमंदों को किया गया।

रामो-बामो संस्था के संरक्षक नरेंद्र तिवारी एवं अध्यक्ष महेंद्र गौतम के निर्देशन में संस्था के सदस्यों शिवलाल वर्मा, अब्दुल सिद्दीकी, यूनुस रहमानी अंसारी सहित अन्य ने श्रद्धालुओं को हलुआ का प्रसाद वितरित किया और वृद्ध व गरीब लोगों को कंबल प्रदान किए। वहीं घुमंतू हस्तू संस्था के अध्यक्ष राजेश पुरवार के नेतृत्व में भी हलुआ प्रसाद का वितरण किया गया।
परिवार समाज के अध्यक्ष विशाल पोरवाल की देखरेख में समाज के सदस्यों ने पंडाल लगाकर श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी खिलाकर सेवा का पुण्य अर्जित किया। अलग-अलग पंडालों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पर्व का आनंद उठाया।
पर्व को लेकर प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं नगर पालिका द्वारा सफाई, बैरिकेडिंग सहित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गईं।
नगर पालिका प्रांगण में लिपिक शिशुपाल सिंह उर्फ पप्पी यादव एवं सरफराज खान उर्फ बाबा द्वारा अपने निजी खर्च से कंबल मंगवाकर गरीबों में वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।
इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी के समीप स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय गिरजाधर प्रसाद चतुर्वेदी की स्मृति में पंडाल लगाकर राजू पाठक व मनोज चतुर्वेदी की देखरेख में श्रद्धालुओं को हरा मटर एवं हलुआ का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक ओंकार सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि रविंद्र यादव, शरद तिवारी, आशीष यादव, गंगाराम प्रजापति, प्रांशु द्विवेदी, सुभेंद्र यादव, अभिषेक तिवारी, अंजनी सिंह, पारस पुरवार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।