कुरारा के पतारा गांव में दिल दहला देने वाला हादसा

    कुरारा के पतारा गांव में दिल दहला देने वाला हादसा, मेहनत की कमाई जलकर खाक
रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर —  कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा गांव में बुधवार की रात एक गरीब मजदूर के घर में लगी आग ने उसकी पूरी दुनिया उजाड़ दी। मेहनत-मजदूरी कर वर्षों में बसाया गया आशियाना कुछ ही पलों में जलकर राख हो गया। यह हादसा न सिर्फ आर्थिक नुकसान, बल्कि एक परिवार के सपनों का अंत बन गया।
ग्राम पतारा निवासी बिहारी पुत्र रामआसरे, जो रोज़ मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते हैं, बुधवार रात करीब 10:30 बजे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण अग्निकांड में घर में रखा अनाज, राशन, बच्चों के कपड़े, बर्तन, चारपाई, बिस्तर और रोज़मर्रा का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित के अनुसार इस हादसे में करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जो उसके लिए जीवन भर की पूंजी थी।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझने के बाद मौके पर सिर्फ राख का ढेर और पीड़ित परिवार की बेबसी बची।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर है। पीड़ित बिहारी ने थाना कुरारा में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से तत्काल राहत, मुआवजा और आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गरीब परिवार के जले हुए सपनों को फिर से बसाने के लिए समय पर मदद करेगा या यह हादसा भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *