जीएसटी व बीमा योजनाओं की दी गई जानकारी, व्यापारी संवाद कार्यक्रम

       मौदहा में राज्य कर विभाग का व्यापारी संवाद कार्यक्रम, जीएसटी व बीमा योजनाओं की दी गई जानकारी
संदीप धुरिया मौदहा (हमीरपुर) — दिनांक 17  जनवरी 2026 को पांडव गेस्ट हाउस, मौदहा (जनपद हमीरपुर) में राज्य कर विभाग द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित नवीन सुधारों, पंजीयन प्रक्रिया एवं शासन की व्यापार हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में राम नारायण आनंद, संयुक्त आयुक्त राज्य कर (बांदा), दीपक कुमार सिंह, प्रियदर्शी कटियार (सहायक आयुक्त), राजेंद्र सिंह (राज्य कर अधिकारी) सहित विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


व्यापारी संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन, समाधान योजना, रिटर्न फाइलिंग, जीएसटी 2.0 सुधारों के लाभ तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जीएसटी पंजीकृत व्यापारी को ₹10 लाख का दुर्घटना बीमा मिलता है, जिसके लिए किसी प्रकार की बीमा किस्त देय नहीं होती।
इसके अतिरिक्त व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी), विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ तथा जीएसटी पंजीयन से होने वाले आर्थिक फायदों के बारे में भी अवगत कराया गया। अपंजीकृत व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया तथा पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई।


समाधान योजना एवं रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर व्यापारी राज्य कर कार्यालय में आकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त राम नारायण आनंद ने व्यापारियों को जीएसटी के विभिन्न पहलुओं एवं जीएसटी 2.0 सुधारों की जानकारी देते हुए कहा कि यदि जीएसटी से संबंधित कोई भी समस्या हो तो व्यापारी उनसे दूरभाष के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में अनिल अग्रवाल (अध्यक्ष, भट्ठा एसोसिएशन हमीरपुर), बृजेश गुप्ता (अध्यक्ष, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल हमीरपुर), जितेंद्र गुप्ता (अध्यक्ष, उ०प्र० व्यापार मंडल मौदहा), मुबीन खान (अध्यक्ष, हिंदुस्तान व्यापार मंडल), सुनील शर्मा (अध्यक्ष, कर अधिवक्ता संघ हमीरपुर), अधिवक्ता सुभान खान, हर स्वरूप गुप्ता, नमन गुप्ता, कुशाग्र गुप्ता, सीए शिवम गुप्ता सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सम्मानित व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *