खागा में इंडेन गैस सर्विस की विशाल सुरक्षा गोष्ठी आयोजित
खागा में इंडेन गैस सर्विस की विशाल सुरक्षा गोष्ठी आयोजित
गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग बेहद जरूरी: कृष्णा
– खागा में इंडेन गैस सर्विस की विशाल सुरक्षा गोष्ठी आयोजित
फोटो परिचय- गोष्ठी को संबोधित करतीं विधायक कृष्णा पासवान। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। नगर स्थित खागा इंडेन गैस सर्विस के तत्वावधान में रविवार को एक विशाल गैस सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में उपस्थित उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग को लेकर विस्तार से जागरूक किया गया।
गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने बताया कि गैस सिलेंडर को कभी भी जमीन पर लिटाकर न रखें, रसोईघर हवादार होना चाहिए, गैस रिसाव या किसी भी आपात स्थिति में लीकेज हेल्पलाइन नंबर 1906 पर तुरंत कॉल करना आवश्यक है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को हर पांच वर्ष में रबर पाइप बदलने, डिजिटल बुकिंग (डीएसी), 74 प्रतिशत हाई थर्मल गैस चूल्हा, एलपीजी की गुणवत्ता तथा फायर सेफ्टी डिवाइस (फायर वॉल) के उपयोग की भी जानकारी दी गई। गोष्ठी के दौरान उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के महत्व के बारे में बताया गया। मौके पर ही कई उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी भी की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खागा विधानसभा की विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि एलपीजी गैस आज हर घर की जरूरत बन चुकी है और ऐसे में उसका सुरक्षित उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने गैस सुरक्षा, लीकेज हेल्पलाइन 1906, ई-केवाईसी और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार की सुरक्षा गोष्ठियाँ उपभोक्ताओं को जागरूक करती हैं और दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस के उपयोग में पूरी सावधानी बरतें और समय-समय पर दिए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इस अवसर पर गैस एजेंसी की प्रोपाइटर सुनीता माहेश्वरी, रोहित माहेश्वरी, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, श्रीराम साहू, धर्मेंद्र मिश्रा, शुभम, सर्वेश, रिंकू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।