एसआईआर में हजारों मतदाताओं के नाम कटे, जुटे सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी

     एसआईआर में हजारों मतदाताओं के नाम कटे
– पुनः जुड़वाने में जुटे सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर— स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व डीआईजी एवं खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि मैपिंग में गड़बड़ी के चलते बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, जिन्हें दोबारा जुड़वाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
रामतीर्थ परमहंस के अनुसार ऐरायां ब्लॉक में 6370, विजयीपुर ब्लॉक में 5469 और धाता ब्लॉक में 3642 मतदाताओं के नाम मैपिंग न होने के कारण सूची में शामिल नहीं हो सके। कई क्षेत्रों से यह शिकायत सामने आई है कि मतदाताओं ने अपने-अपने फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा किए थे, इसके बावजूद उनके नाम काट दिए गए। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि नाम कटने का कारण पूछने पर कई स्थानों पर बीएलओ भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए रामतीर्थ परमहंस ने कहा कि अभी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित नहीं है और नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अपने नाम पुनः जुड़वाने के लिए फॉर्म संख्या-6 पर विशेष ध्यान दें और समय रहते प्रक्रिया पूरी करें।

………………………………………………………………………………


   चेयरमैन ने नवनिर्मित बारात घर का किया शुभारंभ
फोटो परिचय-  नवनिर्मित बारातघर का शुभारंभ करतीं नगर पंचायत चेयरमैन।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– नगर के वार्ड संख्या 05 विवेकानंदनगर (अकोढ़िया) में रविवार को नगर पंचायत द्वारा नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण किया गया। नगर में पूर्व में जर्जर हालत में पड़े पंचायत भवन का नवनीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त बारात घर के रूप में विकसित किया गया है। बारात घर का शुभारंभ नगर पंचायत चेयरमैन गीता सिंह एवं उनके प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह ने फीता काटकर किया। जिसके बाद इसे विधिवत रूप से क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। चेयरमैन गीता सिंह ने कहा कि इस बारात घर के निर्माण से क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा। अब गरीब परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह के लिए महंगे गेस्ट हाउस की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उनकी आर्थिक परेशानी कम होगी। कार्यक्रम के दौरान वार्ड सभासद सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए नगर पंचायत चेयरमैन का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *