राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 9 वाहन निरुद्ध
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 9 वाहन निरुद्ध
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 9 वाहन निरुद्ध दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई– 30 जनवरी 2026 को ‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टास्क फोर्स द्वारा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह ने किया।
इस संयुक्त अभियान में अवधेश चौहान क्षेत्राधिकारी पुलिस, राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, कुलदीप कुमार माइनिंग इंस्पेक्टर तथा उमेश कुमार खनिज विभाग की सहभागिता रही। अभियान कालपी एवं कदौरा क्षेत्र में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कुल 09 ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध चालान/निरुद्ध की कार्रवाई की गई, जिसमें 08 वाहनों को कालपी मंडी तथा 01 वाहन को आटा मंडी में निरुद्ध किया गया। वहीं एक वाहन कीचड़ में अत्यधिक फंसे होने के कारण मौके से नहीं निकाला जा सका, जिस पर खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा मौके पर ही चालान की कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी से ऑनलाइन प्रशमन शुल्क जमा कराया गया।
इसी क्रम में सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), जनपद जालौन द्वारा नगर के विभिन्न मार्गों पर बिना नंबर प्लेट, कूट रचित नंबर प्लेट, माल वाहनों एवं यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाकर वाहन संचालन करने, ओवरलोडिंग न करने, माल वाहनों में सवारियां न बैठाने, रात्रि एवं कोहरे को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षित परिवहन के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सभी वाहन चालकों से अपील की गई कि वे वैध प्रपत्रों के साथ वाहन चलाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवर स्पीड एवं गलत दिशा में वाहन न चलाएं तथा क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं।
कोहरे के दृष्टिगत वाहन चालकों को गति सीमा कम रखने तथा दृश्यता कम होने की स्थिति में सुरक्षित स्थान जैसे पेट्रोल पंप आदि पर वाहन खड़ा करने की सलाह दी गई, जिससे किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।
अभियान के दौरान एक स्लीपर बस को नियम विरुद्ध पाए जाने पर थाना आटा में नियमानुसार निरुद्ध कर प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।