अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, सघन अभियान से मार्ग कराया गया मुक्त
अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, सघन अभियान से मार्ग कराया गया मुक्त
अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, सघन अभियान से मार्ग कराया गया मुक्त दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन– जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सघन एवं प्रभावी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अभियान कलेक्ट्रेट गेट नंबर-1 के सामने से लेकर मामू-भांजा मजार तक संचालित किया गया। इस दौरान सड़क व पटरियों पर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण, ठेले, गुमटी एवं अन्य अवरोधों को हटाकर पूरे मार्ग को अतिक्रमण-मुक्त कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी और आमजन को राहत मिली।
नगर मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में भारी असुविधा होती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर एवं सख्ती से जारी रहेगा।
अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।