रात्रिकालीन अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन मशीन व वाहन जब्त

   रात्रिकालीन अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन मशीन व वाहन जब्त
रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर— दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 12:25 बजे ग्राम कड़ौरा दरिया क्षेत्र में अवैध मोरंग खनन की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खनन विभाग, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।
खनन निरीक्षक हमीरपुर द्वारा थाना कड़ौरा से समन्वय स्थापित कर पुलिस बल के साथ लगभग 1:15 बजे मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच के दौरान एक पोकलेन मशीन (हुण्डई मॉडल-215, सीरियल नं. HYNDN640JE000621) द्वारा अवैध रूप से मोरंग का खनन किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त एक स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नं. यूपी 91 वाई 2518) तथा एक बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नं. यूपी 91 क्यू 6656) से अवैध खनन सामग्री का परिवहन किया जा रहा था।
जांच टीम को देख वाहन सवार अवैध खननकर्ता अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि पोकलेन मशीन के चालक को मौके से पकड़ लिया गया। चालक ने पूछताछ में बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन रघु सिंह उर्फ राघवेंद्र सिंह, पुत्र श्री शिवेश्वर सिंह, ग्राम कड़ौरा (हाल पता—ग्राम टीकापुर, थाना ललपुरा, जनपद हमीरपुर) द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ कराया जा रहा था। बताया गया कि विगत 03–04 दिनों से रात्रि में लगातार अवैध खनन किया जा रहा था।
सभी जब्त वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराते हुए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। दिन में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पैमाइश की गई, जिसमें गाटा संख्या 79/1क के आंशिक भाग पर 02 पिट्स पाए गए। जांच में कुल 344 घन मीटर मोरंग का अवैध खनन एवं परिवहन पाया गया।
इसके अतिरिक्त दिनांक 01.02.2026 से 02.02.2026 के मध्य जनपद में अवैध खनन/परिवहन की जांच के दौरान 24 वाहनों को पकड़ा गया, जिन पर खनिज विभाग द्वारा ऑनलाइन चालान किया गया। इनमें से 19 वाहनों से लगभग ₹9.35 लाख की धनराशि राजकीय कोष में जमा कराई जा चुकी है, जबकि शेष ₹2.64 लाख की वसूली की प्रक्रिया प्रचलित है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *