मौसम ने फिर ली करवट, रिमझिम बारिश से बढ़ी ठण्ड
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर — पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी व जिले में सुबह से हुई रिमझिम बारिश के चलते मौसम ने एक बार फिर से अपना रुख बदल लिया है। मंगलवार को ठंड ने लोगों को दोबारा कंपकंपी का एहसास कराया।
सुबह से ही मौसम ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया था। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और ठंड से बचाव के लिए अलाव या गर्म चाय का सहारा लेते दिखे। महज दस दिन पहले मौसम पूरी तरह खुल चुका था और चिलचिलाती धूप के कारण लोग गर्म कपड़े पहनना भी बंद कर चुके थे। ऐसा लग रहा था कि अब सर्दी का दौर खत्म हो गया है, लेकिन हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, गरम पेय पदार्थों का सेवन करें और विशेष रूप से बुजुर्गों व बच्चों का खास ख्याल रखें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सतर्क रहने की अपील की है।
————————————–
बेमौसम बारिश से बिगड़ी किसानों की हालत, भगवान से प्रार्थना
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– तहसील क्षेत्र में हुई हालिया बारिश से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगी हैं। किसानों को डर सता रहा है कि कहीं बारिश के साथ ओलावृष्टि न हो जाए, जिससे उनकी खड़ी फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस समय खेतों में गेहूं, चना और अरहर जैसी प्रमुख रबी फसलें तैयार अवस्था में हैं, जिन पर बारिश का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्र के किसान राम सिंह, सेवक, चंद्रलाल, राजू और रामजस ने बताया कि इस मौसम में होने वाली बरसात किसानों के लिए लाभ से अधिक नुकसान लेकर आती है। लगातार हो रही बारिश से फसलों में नमी बढ़ जाती है, जिससे रोग लगने का खतरा बढ़ जाता है और दाने कमजोर हो जाते हैं। खासकर गेहूं की फसल गिरने से उत्पादन में कमी आने की संभावना रहती है। वहीं चना और अरहर की फसल पर भी बारिश का विपरीत प्रभाव पड़ता है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी प्रकार बना रहा तो उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा। पहले ही बढ़ती लागत और महंगे बीज, खाद व कीटनाशकों से किसान परेशान हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के रूप में होने वाली बारिश उनकी समस्याओं को और बढ़ा देती है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फसलों को हुए संभावित नुकसान का आकलन कर समय रहते मुआवजे की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। साथ ही मौसम विभाग से सटीक पूर्वानुमान और समय पर सूचना उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है, जिससे किसान आवश्यक सावधानी बरत सकें।
————————————-
आर्म्स एक्ट का अभियुक्त दोषसिद्ध, दो साल का कारावास
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे पुलिस महानिदेशक के विशेष अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता सिद्ध की है। मॉनिटरिंग सेल की सशक्त और सतत पैरवी के चलते आर्म्स एक्ट के एक मामले में न्यायालय ने अभियुक्त को दोषी ठहराते हुए कड़ी सजा सुनाई है।
मंगलवार को अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीसी कोर्ट संख्या 01 द्वारा थाना कोतवाली सदर में पंजीकृत एसटी संख्या 170/2019, मु0अ0सं0 353/2019, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के मामले में अभियुक्त रामखिलावन उर्फ खिल्ला पुत्र सुखलाल, निवासी ठकुराइन का पुरवा, थाना मलवां को दोषसिद्ध पाया गया। न्यायालय ने अभियुक्त को 02 वर्ष के कठोर कारावास व 2000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा न करने की दशा में अभियुक्त को एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। यह सफलता पुलिस अधीक्षक के कुशल पर्यवेक्षण एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी) के प्रभावी नेतृत्व में मॉनिटरिंग सेल द्वारा की गई मजबूत, निरंतर और तथ्यपरक पैरवी का परिणाम है। सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मानिटरिंग सेल महेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अश्विनी वर्मा, कांस्टेबल रोहित राजावत, जितेन्द्र सिंह, विवेक कुमार, मॉनिटरिंग सेल विवेचक उ0नि0 महेन्द्र कुमार वर्मा, पैरोकार हेड कांस्टेबल सुल्तान सिंह, कोर्ट मुहर्रिर आकाश यादव व एडीजीसी महेंद्र सिंह शामिल रहे।
————————————-
वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रेवाड़ी के समीप एनएच-2 में सोमवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 29 वर्षीय बाइक सवार की घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार औंग थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी राजकिशोर का पुत्र नरसिंह रेलवे में प्राइवेट नौकरी करता था। रात लगभग ग्यारह बजे बाइक से ड्यूटी समाप्त कर वापस जा रहा था। जब वह रेवाड़ी के समीप पहुंचा तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
