डिप्टी सीएम से मिलने कूच कर रहे किसानों को अधिकारियों ने रोका, मिला आश्वासन

 असोथर धान केंद्र पर किसानों का हल्लाबोल, आरएमओ का घेराव कर शुरू कराई तौल
 डिप्टी सीएम से मिलने कूच कर रहे किसानों को अधिकारियों ने रोका, मिला आश्वासन
 मिलर्स और व्यापारियों के गठजोड़ पर बरसे किसान, अब चार कांटों से होगी खरीद
 फतेहपुर। जिले के असोथर धान खरीद केंद्र पर पिछले एक माह से बंद पड़ी तौल और केंद्र पर लटके ताले के खिलाफ किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के ब्लॉक अध्यक्ष सोनू सिंह गौतम के नेतृत्व में विपणन कार्यालय (डिप्टी आरएमओ दफ्तर) में जमकर हंगामा किया और प्रयागराज मंडल के आरएमओ जे.पी. पटेल का घेराव कर लिया।
गठजोड़ के आरोपों से गरमाया माहौलः आक्रोशित किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारियों, मिलर्स और व्यापारियों के गठजोड़ ने मिलीभगत कर कागजों पर लक्ष्य पूरा कर लिया है, जबकि वास्तविक किसानों का धान आज भी उनके घरों और खलिहानों में धूल फांक रहा है। किसानों ने कहा कि उनकी उपज की खरीद जानबूझकर रोकी गई है।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और समझौताः हंगामे के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब किसान अपनी मांगों को लेकर राजधानी जाकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मिलने की जिद पर अड़ गए। किसानों के कूच करने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया। डिप्टी आरएमओ समीर शुक्ला और आरएमओ जे.पी. पटेल ने किसानों को वार्ता के लिए बुलाया।
इन शर्तों पर बनी सहमतिः केंद्र पर अब एक के बजाय चार कांटे लगाकर तौल प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। प्रतिदिन न्यूनतम 1200 कुंतल धान की तौल सुनिश्चित की जाएगी। 50 किसानों की सूची तत्काल तैयार की गई है, शेष किसानों का रोस्टर केंद्र प्रभारी बनाएंगे। डिप्टी आरएमओ ने किसानों को आश्वस्त किया कि आज से ही खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर अवनीश सिंह, दीपू मिश्र, रजत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *