विकास कार्यों में लापरवाही पर ग्राम प्रधान पर सख़्त, कार्रवाई के निर्देश

   ग्राम रेवा में जिलाधिकारी का निरीक्षण, योजनाओं के क्रियान्वयन का किया सत्यापन
विकास कार्यों में लापरवाही पर ग्राम प्रधान पर सख़्त, कार्रवाई के निर्देश
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास खंड अंतर्गत ग्राम रेवा का निरीक्षण कर केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों से सीधे संवाद कर योजनाओं का लाभ मिलने संबंधी फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, विभिन्न पेंशन योजनाएं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे।


निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम में सड़कों के किनारे नालियों का निर्माण न होने के कारण जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे सड़कों पर पानी भरा हुआ है और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी अवगत कराया कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्य अपेक्षित रूप से नहीं कराए जा रहे हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने विकास कार्यों में रुचि न लेने को लेकर ग्राम प्रधान के प्रति नाराज़गी व्यक्त की और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं का समयबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।


जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि 15 दिवस के भीतर जल निकासी, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम में नियमित भ्रमण, निगरानी एवं जनसंवाद बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *