जय-बीरू देख लोग हुए गदगद, अन्य लघु खबरों के साथ

  जय-बीरू देख लोग हुए गदगद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। तहसील परिसर में शुक्रवार को एक अनोखा और भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। तहसील परिसर में दिनभर दो जानवरों की गहरी दोस्ती चर्चा का विषय बनी रही। एक कुत्ता और एक बंदर की जोड़ी को देखकर लोगों को फिल्म शोले के प्रसिद्ध किरदार जय और बीरू की याद आ गई।
सुबह के समय दोनों जानवर परिसर में पड़े अनाज के दानों को बीनकर खाते नजर आए। खास बात यह रही कि दोनों एक-दूसरे का पूरा ध्यान रखते हुए भोजन कर रहे थे। कभी कुत्ता दाना खाता तो बंदर शांत होकर उसके खत्म होने का इंतजार करता और फिर अपनी बारी आने पर दाने चुनकर खाने लगता। इसी तरह जब बंदर खाता, तो कुत्ता धैर्यपूर्वक उसके रुकने का इंतजार करता। इस आपसी समझ और सौहार्द ने लोगों को काफी प्रभावित किया। अधिवक्ता अश्वनी, राहुल और अरुण ने बताया कि इस दृश्य को देखकर तहसील में मौजूद कर्मचारी, वकील और फरियादी भी कुछ देर के लिए रुक गए और मोबाइल से तस्वीरें व वीडियो बनाने लगे। लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया कि जब इंसान कई बार आपसी मतभेद में उलझ जाते हैं, तब जानवरों की यह दोस्ती हमें सहनशीलता और सहयोग का संदेश देती है। इस अनोखी दोस्ती ने न केवल तहसील परिसर का माहौल खुशनुमा बना दिया, बल्कि लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और धैर्य की सीख भी दी। दिनभर यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा।
 ——————————— 
अंग्रेजी शराब की दुकान में सेंध लगाकर चोरी
– सेल्समैन ने कोतवाली में दी तहरीर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के बाकरगंज स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में गुरूवार की रात चोरों ने सेंध काटकर नगदी व अंग्रेजी शराब चोरी कर ली। जब सेल्समैन सुबह दुकान पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। सेल्समैन ने चोरी की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दी गई तहरीर में सेल्समैन प्रेमलखन श्रीवास्तव पुत्र भाष्कर प्रसाद निवासी बेलदरइया ने बताया कि वह शराब की कंपोजिट दुकान बाकरगंज का सेल्समैन है। पांच फरवरी को रात्रि दस बजे दुकान बंद करके घर चला गया था। शुक्रवार की सुबह प्रातः दस बजे दुकान पहुंचा तो देखा कि दुकान के पश्चिम दीवार में सेंधमारी की गई है। दुकान खोलकर देखा तो गुल्लक में रखा 6800 रूपए व सत्रह हजार रूपए की शराब चोरों ने चोरी कर ली है। पीड़ित सेल्समैन ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
———————————— 

   ऑटो व बाइक की भिड़ंत में छह घायल, चार गंभीर
– 102 एम्बुलेंस ने अस्पताल में कराया भर्ती
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के चखेड़़ी गांव की मोड़ के समीप ऑटो व बाइक की ज़ोरदार भिडन्त हो गई। जिसमें छह लोग घायल हो गए, घायलों को इलाज के लिए 102 एंबुलेंस द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उनका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बलुवापुर गांव निवासी श्याम लाल का 40 वर्षीय पुत्र विजय शंकर अपनी 35 वर्षीय पत्नी रूबी देवी, 8 वर्षीय पुत्र राज और 6 वर्षीय पुत्री लाडो को बाइक पर सवार कर घर से किसी काम से निकला था। जब उसकी बाइक मलवा थानां क्षेत्र के चखेड़ी गाँव की मोड़ के समीप पहुंची तभी कोतवाली क्षेत्र के आलियामऊ गांव निवासी स्व. शिव बहादुर का 38 वर्षीय पुत्र राहुल ऑटो चलाता हुआ आ गया। तभी बाइक और ऑटो की ज़ोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक चालक विजय शंकर उसकी पत्नी रूबी देवी पुत्र राज और पुत्री लाडो सहित चार लोग घायल हो गए। वही ऑटो चालक राहुल व ऑटो पर सवार कोतवाली क्षेत्र के उमर गहना गाँव निवासी स्व. बंसी लाल का 50 वर्षीय पुत्र रमेश चंद सहित कुल छह लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची सरकारी एम्बुलेन्स की ईएमटी उर्मिला व पायलेट शैलेन्द्र कुमार ने बाकी घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेन्स से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर सभी का इलाज कर रहे है।
———————————– 
  कार की टक्कर से घायल टीजी-2 की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र में एक अज्ञात कार की टक्कर से दुर्गागंज विद्युत उपकेंद्र में तैनात टीजी-2 जूनियर इंजीनियर विकास कुमार यादव की मृत्यु हो गई। यह घटना 4 फरवरी को प्रयागराज-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुई थी। गंभीर रूप से घायल विकास यादव को कानपुर के एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां 48 घंटे बाद 6 फरवरी को उनका निधन हो गया। विकास कुमार यादव 35 वर्ष मूल रूप से जौनपुर जिले के कोठारी गांव के निवासी थे। वे अपनी बाइक से विभागीय कार्य के लिए आशापुर जा रहे थे। दुर्गागंज विद्युत उपकेंद्र के समीप प्रयागराज की ओर से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे विकास गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना पर दुर्गागंज पावर हाउस के स्टाफ ने उन्हें औंग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर के एलएलआर हॉस्पिटल रेफर किया था। इजाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
———————————- 
अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन से अधिक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के हरदों गांव निवासी सियंवर का 32 वर्षीय पुत्र राहुल अपने मित्र निशान पुत्र पप्पू 27 वर्ष निवासी चौड़ाखेर के साथ बाइक से शहर आ रहा था। बताते हैं कि जैसे ही ये लोग थरियांव थाना क्षेत्र के बहिलापुर के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। इसी प्रकार शहर क्षेत्र के मुराइनटोला निवासी विमल चौधरी का 40 वर्षीय पुत्र रोहित चौधरी ई-रिक्शा में बैठा था। नऊवाबाग के समीप अनियंत्रित होकर पलट जाने से वह घायल हो गया। इसी प्रकार शहर के तुराबअली का पुरवा मुहल्ला निवासी पुत्तन चौधरी का 31 वर्षीय पुत्र सुनील ई-रिक्शा में बैठकर रिश्तेदारी में जा रहा था। तभी लखनऊ बाईपास के समीप पलट जाने से घायल हो गया। इसी तरह सदर कोतवाली क्षेत्र के मिट्ठनपुर गांव निवासी शिवबाबू लाल का 25 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार बाइक से शहर आ रहा था तभी एकारी व बिलंदा के समीप चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। उधर थरियांव थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी स्व0 बाबूलाल का 35 वर्षीय पुत्र बबलू गुरूवार की शाम बाइक से शहर से गांव जा रहा था तभी बिलंदा के समीप चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
———————————– 
 युवती ने खाया जहरीला पदार्थ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के कोडिया गांव में परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। जिसकी जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरंत उसको इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के कोडिया गांव निवासी दिनेश की 19 वर्षीय पुत्री काजल को परिजनों ने किसी बात को लेकर डांट दिया। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कुछ समय पश्चात जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को जानकारी हुई तुरंत परिजन उसको इलाज के लिए खागा कस्बे में किसी प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
—————————– 
 ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब मोहल्ले में ई-रिक्शे की टक्कर से बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरन्त मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था मे उसको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी खेलदार मोहल्ला निवासी शमशाद अली का 19 वर्षीय पुत्र आमीर हमज़ा बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए निकला था। जब उसकी बाइक कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब मोहल्ले में पहुंची। तभी ई-रिक्शे ने उसकी बाइक को टक्कर मार दिया। जिससे बाइक चालक युवक रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और अपने प्राइवेट वाहन से उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वही जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे थे। तभी परिजन उसको शहर के किसी प्राइवेट हॉस्पिटल इलाज कराने लेकर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *