बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत ग्राम पौथिया में जागरूकता बैठक आयोजित

     बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत ग्राम पौथिया में जागरूकता एवं संवादात्मक बैठक आयोजित

रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर— बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान (100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम) के अंतर्गत आज दिनांक 06 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी महोदय एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री राजीव कुमार सिंह के दिशा-निर्देश में जनपद हमीरपुर के विकास खंड सुमेरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पौथिया में जागरूकता एवं संवादात्मक बैठक का आयोजन किया गया।


उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 27 नवंबर 2025 से 08 मार्च 2026 तक 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का तृतीय चरण 01 फरवरी 2026 से 07 मार्च 2026 तक प्रस्तावित है। तृतीय चरण के अंतर्गत ग्राम पंचायत, नगर निकाय/वार्ड एवं समुदाय स्तर पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम हेतु गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।


अभियान के तहत ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम सभा वार्ड सदस्य, पार्षद एवं समुदाय आधारित स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जोखिमग्रस्त परिवारों, परंपरागत प्रथाओं अथवा अन्य कारणों से बाल विवाह की आशंका वाले परिवारों का चिन्हांकन किया जा रहा है, ताकि बाल विवाह की रोकथाम, समय रहते पहचान एवं त्वरित कार्रवाई को जमीनी स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके।
इसी क्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन टीम द्वारा ग्राम पंचायत पौथिया की ग्राम सभा के सदस्यों के साथ मिलकर जोखिमग्रस्त परिवारों को चिन्हित किया गया तथा उन्हें बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानून संबंधी प्रावधानों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने में सहयोग करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *