राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत प्रदर्शनी व प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत प्रदर्शनी व प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत हमीरपुर में विज्ञान प्रदर्शनी व प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर— राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद हमीरपुर में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता एवं तार्किक दृष्टिकोण के विकास के उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित मॉडल, प्रयोग एवं नवाचारी विचार प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि श्री अशोक तिवारी एवं जिलाधिकारी हमीरपुर श्री घनश्याम मीणा उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान बच्चों में जिज्ञासा, प्रयोगशीलता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम है, जो भविष्य के सशक्त भारत की नींव रखता है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री आलोक सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान एवं नवाचार वर्तमान युग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर देने का आह्वान किया।
विज्ञान प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रश्नोत्तरी (क्विज), नवाचार प्रस्तुति एवं अन्य शैक्षिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विज्ञान प्रदर्शनी में प्रत्येक विकास खंड से 5-5 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। क्विज प्रतियोगिता में विकास खंड सरीला की टीम ने प्रथम, सुमेरपुर की टीम ने द्वितीय तथा कुरारा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्विज प्रतियोगिता में सरीला विकास खंड के पुष्पेन्द्र, प्रीती देवी, पूनम, नंद कुमारी व पूनम ने प्रथम स्थान, जबकि सुमेरपुर विकास खंड के अंश कुशवाहा, रचना, संध्या देवी, दिव्यांश व अंशिका देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में विजयी विद्यार्थियों को टैबलेट, बैग, स्टेशनरी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को विज्ञान किट, बैग, स्टेशनरी एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए। इससे पूर्व प्रतिभागी विद्यार्थियों को मॉडल निर्माण हेतु ₹3000 की धनराशि भी उपलब्ध कराई गई थी। शिक्षक श्री अरुण भदौरिया द्वारा लिखित पुस्तक “प्रायोगिक विज्ञान” सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को वितरित की गई।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में नगर खंड शिक्षा अधिकारी श्री अजीत कुमार निगम ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री आलोक सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) श्री आलोक त्रिपाठी की अहम भूमिका की विशेष सराहना की।