अभियान के तहत आईटीआई छात्रों ने किया राजकीय पॉलिटेक्निक उरई का भ्रमण

      पॉलिटेक्निक से स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम ,अभियान के तहत आईटीआई छात्रों ने किया राजकीय पॉलिटेक्निक उरई का भ्रमण
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई —  07 फरवरी 2026 शासन के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उरई के छात्र-छात्राओं ने स्टाफ के साथ “पॉलिटेक्निक चलो अभियान – पॉलिटेक्निक से स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम” कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक, उरई का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पॉलिटेक्निक में प्रवेश से संबंधित विस्तृत शैक्षणिक व तकनीकी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से जिले के समस्त आईटीआई छात्र-छात्राओं से आह्वान किया गया कि वे प्राविधिक शिक्षा से जुड़कर पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा प्राप्त करें और अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ प्रदेश व देश के विकास में सहभागिता निभाएं।
इस अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रचार-प्रसार समिति के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि आईटीआई उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं K ग्रुप के अंतर्गत सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। आईटीआई छात्र कुल आठ (8) डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में आवेदन के पात्र हैं। प्रवेश हेतु न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम आयु सीमा नहीं है।
उन्होंने जानकारी दी कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) में दिव्यांग अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत आरक्षण तथा ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस एवं पूर्व सैनिकों के आश्रितों को शासन के निर्देशानुसार आरक्षण का लाभ दिया जाता है।
राजकीय पॉलिटेक्निक, उरई में वर्तमान में तीन प्रमुख ब्रांच संचालित हैं—
मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस,
सिविल इंजीनियरिंग (A ग्रुप) एवं
सिविल इंजीनियरिंग (EPC)।
इन सभी ब्रांचों में प्रवेश हेतु 75-75 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि K ग्रुप में 7-7 सीटें निर्धारित हैं।
उन्होंने बताया कि मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस ब्रांच छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी व रोजगारपरक है। इसके माध्यम से अभ्यर्थी एलडीसी, एडीसी, सेक्रेटरी, परामर्शदात्री, स्टेनोग्राफर, वैयक्तिक सहायक, जनसंपर्क अधिकारी, ई-कंपनियों में प्रबंधक, आईटीआई व सेवायोजन विभाग में अनुदेशक जैसे पदों हेतु आवेदन कर सकते हैं। यह कोर्स सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कंप्यूटर कोर्स “ओ” लेवल के समकक्ष है।
संस्थान में छात्र-छात्राओं हेतु छात्रावास, समृद्ध पुस्तकालय एवं कंपनी प्लेसमेंट की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थी www.jeecup.admission.nic.in� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण हेतु व्यक्तिगत मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी का प्रयोग अनिवार्य होगा। आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु अभ्यर्थी कार्य दिवसों में पॉलिटेक्निक के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पॉलिटेक्निक से ऋषिकांत त्रिपाठी, संजीव अग्रवाल, डॉ. गौतम प्रधान, संजीव श्रीवास्तव, मनोज अहिरवार एवं प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। वहीं राजकीय आईटीआई से भगवत किशोर, सैफ अहमद, पूरन लाल तथा टाटा कंपनी से सौरभ विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *