गांधी नगर में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, 40 साल पुराने अस्थायी मकान ध्वस्त
गांधी नगर में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, 40 साल पुराने अस्थायी मकान ध्वस्त
गांधी नगर में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, 40 साल पुराने अस्थायी मकान ध्वस्त दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ कोंच, जालौन — नगर पालिका परिषद कोंच ने गांधी नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पालिका की परती भूमि पर बने अस्थायी मकानों को ध्वस्त करा दिया। यह कार्रवाई करीब 40 वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों को हटाने के उद्देश्य से की गई, जिसमें राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।
दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि संबंधित कब्जाधारकों को पूर्व में कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन कब्जा न हटाए जाने के कारण सख्त कदम उठाना पड़ा।
बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान कई मकानों का घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ। अचानक हुई तोड़फोड़ से नाराज महिलाओं और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस बल ने धक्का-मुक्की के बीच हालात को काबू में रखा।
कार्रवाई से कई परिवार बेघर हो गए हैं। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि वे दशकों से यहां रह रहे थे और अचानक की गई कार्रवाई से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।