समिति ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार की उठाई मांग

    समिति ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार की उठाई मांग
डीएम को सौंपा ज्ञापन, अव्यवस्थाओं पर जताई चिंता
फोटो परिचय- डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े समिति के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सामाजिक संगठन युवा विकास समिति के माध्यम से जनपद स्थित मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने मेडिकल कॉलेज की वर्तमान व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए नौ प्रमुख मांगें रखी हैं।
युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि मरीजों को बेहतर और पारदर्शी चिकित्सा सेवाएं मिलना उनका अधिकार है। इसी क्रम में उन्होंने मांग की कि डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाइयों के प्रिस्क्रिप्शन पर पूर्ण रोक लगाई जाए, ताकि मरीजों का आर्थिक शोषण न हो। साथ ही शासन के निर्देशानुसार डॉक्टरों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से अनिवार्य रूप से दर्ज कराई जाए। मेडिकल कॉलेज में जारी सभी टेंडरों को सार्वजनिक रूप से घोषित करने, सीनियर डॉक्टरों द्वारा मरीजों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा सरकारी डॉक्टरों द्वारा बाहर निजी प्रैक्टिस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज में शीघ्र ओटी (ऑपरेशन थिएटर) संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिससे मरीजों को तत्काल सर्जिकल सुविधा मिल सके। ज्ञापन में पिछले दो वर्षों में हुई सभी खरीदों की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन की गुणवत्ता जांच पीडब्ल्यूडी विभाग से कराने की मांग भी शामिल है। साथ ही सदर अस्पताल परिसर में प्राइवेट एंबुलेंस के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है। इस मौके में जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा, नगर अध्यक्ष आफताब, सुशील अभिनेत्री, संजय दत्त, विकास श्रीवास्तव, उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *