दूसरा बैल समेत परिवार की महिलाएं व बच्चे झुलसे,अन्य लघु खबरों के साथ

    घर में आग लगने से गृहस्थी खाक, बैल की मौत
दूसरा बैल समेत परिवार की महिलाएं व बच्चे झुलसे
फोटो परिचय- आग से जले हुए घर का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के जमलामऊ गांव में शनिवार की अर्द्धरात्रि अज्ञात कारणों के चलते एक कोठरीनुमा घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकाण्ड में जहां एक बैल की जलकर मौत हो गई वहीं दूसरा बैल समेत परिवार की महिलाएं व बच्चे झुलस गए। जिसका उपचार कराया गया। इस अग्निकाण्ड में लाखों रूपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जमलामऊ गांव निवासी राम प्रताप विश्वकर्मा का कच्चा कोठरीनुमा मकान है। अर्द्धरात्रि अचानक घर में आग लग गई। आग बढ़ने पर परिवारीजनों की नींद खुली। बताया जाता है कि राम प्रताप घर में ही दो बैल भी पाले थे। जो आग की चपेट में आ गए। परिवार की महिलाएं व बच्चे आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाते समय वह भी झुलस गये। इस अग्निकाण्ड में राम प्रताप विश्वकर्मा की पूरी गृहस्थी जहां जलकर खाक हो गई वहीं एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। अग्निकाण्ड में झुलसे एक बैल व परिवार के लोगों का प्राथमिक उपचार कराया गया। आग बढ़ने पर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। आग के कारण लाखों रूपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अग्निकाण्ड के बाद परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

——————————————————————-

डंपर से कुचलकर पेट्रोल पंप कर्मी की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के बरौरा मोड़ के समीप रविवार की सुबह साइकिल से पेट्रोल पंप आ रहे कर्मचारी को डंपर ने रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मंझूपुर गांव निवासी स्व0 प्रहलाद सोनी का 33 वर्षीय पुत्र राजू सोनी सौंरा स्थित पेट्रोल पंप में नौकरी करता था। बताते हैं कि सुबह नौ बजे साइकिल से ड्यूटी आ रहा था। जैसे ही वह बरौरा मोड़ के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी मृतक के भतीजे शुभम ने दी है।
————————————- 
   शादीपुर चौराहे से युवक का शव बरामद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर चौराहा स्थित रेस्टोरेंट के सामने राहगीरों की सूचना पर 40 वर्षीय युवक का शव बरामद कर विच्छेदन गृह भेजा। जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी स्व0 हीरालाल का पुत्र रमेश का पिछले कई सालों से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। ऐसे ही घूम-घूमकर भीख मांग कर अपना पेट पालता था। रविवार की सुबह शादीपुर स्थित एक रेस्टोरेंट के समीप राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर विच्छेदन गृह भेजा है। पोस्टमार्टम हाउस में घटना के बाबत जानकारी मृतक के मामा श्रीलाल ने दी है।
————————————– 
     महिला ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम केवई में मानसिक संतुलन ठीक न होने के चलते 35 वर्षीय महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार केवई गांव निवासी सुमेर रैदास की पत्नी लक्ष्मी देवी ने शनिवार की देर रात घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों की नजर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस आए परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी का काफी समय से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया है।
————————————– 
   सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवक का शव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सरकी बंवारा के समीप रविवार की सुबह रोड किनारे से ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने खून से लथपथ 25 वर्षीय युवक का शव बरामद कर विच्छेदन गृह भेजा है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी गांव निवासी झल्लर दिवाकर का पुत्र विजय दिवाकर का खून से लथपथ शव पुलिस ने सरकी बंवारा के समीप रोड किनारे से बरामद करते हुए पोस्टमार्टम भेजा है। जहां मृतक के जीजा मुकेश ने बताया कि गांव का रहने वाला संदीप द्विवेदी शनिवार की शाम यह कहकर लाया था कि सातों में नौटंकी है, लेकिन वहां कोई नौटंकी नही थी और उसके साले का शव यहां मिलने से उसको किसी अप्रिय घटना होने की आशंका है। हालांकि मृतक के परिजनों ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी। जीजा का कहना रहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संदीप के खिलाफ कार्रवाई करवाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *