राजकीय डिग्री कॉलेज कुछेछा में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर सम्पन्न
राजकीय डिग्री कॉलेज कुछेछा में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर सम्पन्न
राजकीय डिग्री कॉलेज कुछेछा में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर सम्पन्न, 1203 लाभार्थी हुए लाभान्वित संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर— उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा रविवार को राजकीय डिग्री कॉलेज, कुछेछा परिसर में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सैयद कमर हसन रिजवी, न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय (प्रशासनिक न्यायाधीश, हमीरपुर) द्वारा वर्चुअल माध्यम से संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता सशक्त समाज की आधारशिला है तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का लक्ष्य समाज के निर्धन, वंचित एवं कमजोर वर्गों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों से उन्होंने कानून की मूलभूत जानकारी प्राप्त कर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय ने की। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे शिविर न्याय को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने विभिन्न योजनाओं एवं प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में राजस्व विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को योजनाओं की जानकारी और ऑन-द-स्पॉट लाभ प्रदान किया गया।
हमीरपुर पुलिस द्वारा विशेष जन-जागरूकता स्टॉल स्थापित कर ‘मिशन शक्ति’, डायल 112, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियम, साइबर अपराध से बचाव, दहेज उत्पीड़न निवारण आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित नागरिकों को हेल्पलाइन नंबरों, शिकायत निवारण तंत्र और आपातकालीन सेवाओं की प्रक्रिया समझाई गई।
शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 1203 लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया गया। कृषि विभाग द्वारा एक ट्रैक्टर, मत्स्य विभाग द्वारा एक थ्री-व्हीलर तथा दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा पांच दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल वितरित की गई। इसके अतिरिक्त लघु सिंचाई, खेल, उद्योग, पंचायत, पशुपालन, नगरीय विकास, बैंकिंग, श्रम, उद्यान, आईटीआई एवं अन्य विभागों ने भी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह सहित जनपद के न्यायिक अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कॉलेज के छात्रों द्वारा दहेज प्रथा एवं बाल विवाह उन्मूलन पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया गया।
अंत में अपर जनपद न्यायाधीश उदय वीर सिंह ने सभी विभागों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा