इंदिरा स्टेडियम उरई तरणताल के सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में

   इंदिरा स्टेडियम उरई तरणताल के सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में
जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण — 10 मार्च तक गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई– इंदिरा स्टेडियम के तरणताल परिसर में संचालित सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार कार्य अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। मा० जल शक्ति मंत्री की निधि से कराई जा रही इस महत्वपूर्ण परियोजना का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तरणताल को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने हेतु सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 10 मार्च तक समस्त कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
अधिकांश कार्य पूर्ण, गुणवत्ता पर विशेष जोर
तरणताल परिसर में पाथवे निर्माण, शौचालयों का उन्नयन, बाउंड्रीवाल सुदृढ़ीकरण, शेड निर्माण, टाइल्स नवीनीकरण, रेनोवेशन एवं रंगाई-पुताई सहित अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश भी मौके पर दिए।
खेल मैदान के समतलीकरण का भी निरीक्षण
जिलाधिकारी ने स्टेडियम परिसर के खेल मैदान में चल रहे समतलीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। खिलाड़ियों को सुरक्षित एवं समतल खेल मैदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी मानकों के अनुरूप शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इंदिरा स्टेडियम जनपद के युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके उन्नयन से खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशासन खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *