ईद की नमाज में गूंजा अमन-चैन का पैगाम, व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे अधिकारी

     ईद की नमाज में गूंजा अमन-चैन का पैगाम, व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे अधिकारी
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन कालपी (जालौन), 21 मार्च —  ईद के पावन अवसर पर कालपी स्थित ईदगाह मस्जिद सहित नगर की विभिन्न मस्जिदों में हजारों रोजेदारों ने नमाज अदा कर देश-प्रदेश और समाज में अमन, शांति व भाईचारे की दुआ मांगी। इस दौरान प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं।
त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने ईदगाह मस्जिद पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी इंतजाम चुस्त-दुरुस्त पाए जाने पर दोनों अधिकारी संतुष्ट नजर आए।


शनिवार सुबह निर्धारित समय पर ईदगाह मस्जिद सहित नगर की करीब आधा दर्जन मस्जिदों में नमाज अदा की गई। ईदगाह में पूर्व शहर इमाम कारी शमसुद्दीन ने लोगों को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का संदेश दिया, वहीं हाफिज नजमुल हुदा ने नमाज अदा कराई। अन्य मस्जिदों में भी मौलानाओं द्वारा नमाज संपन्न कराई गई।
नमाज के बाद सभी रोजेदारों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे नगर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत ईदगाह व प्रमुख मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, उपजिलाधिकारी मनोज कुमार, तहसीलदार अभिनव तिवारी, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर निगरानी करते रहे।
नगर पालिका परिषद कालपी द्वारा विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर सड़कों व मस्जिदों के आसपास चूना डालकर पूरे नगर को सुसज्जित किया गया। विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत पंडाल भी लगाए गए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामपाल, पूर्व मंत्री जगदीश प्रजापति, बसपा नेता अधिवक्ता परवेज कुरैशी, सपा नगर अध्यक्ष अजीत सिंह यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *