अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, मढ़ा आरोप
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, मढ़ा आरोप
व्यापार बंधु की बैठक में खानापूर्ति किए जाने का मढ़ा आरोप
– अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
फोटो परिचय- डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े व्यापार मंडल के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– व्यापार बंधु की बैठक में खानापूर्ति किए जाने का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
दिए गए ज्ञापन में बताया कि व्यापार बंधु की बैठक नियमित न होने के कारण व्यापारी वर्ग कई प्रकार की समस्याओं से जूझते रहते हैं और उनका मानसिक, शारीरिक व आर्थिक शोषण होता है। व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में वास्तव में मात्र खानापूर्ति है। बैठक की गुणवत्ता बेहद खराब है। बैठक में नगर पालिका, मुख्य थानों व चैकी प्रभारी यदाकदा ही आते हैं। जिससे मुख्य व्यापारिक समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाता। गांधी सभागार, विकास भवन, कोतवाली व थानों में होने वाली सामाजिक बैठकों की सूचना अधीनस्थों द्वारा नहीं दी जाती, जबकि इस संदर्भ में डीएम कार्यालय के साथ-साथ सीओ गौरव शर्मा को भी पूर्व में अवगत कराया जा चुका है। बताया कि शहर में फैले अतिक्रमण के संदर्भ में पालिका ईओ व अपर जिलाधिकारी के साथ चार माह पहले गांधी सभागार में बैठक हुई थी और कार्य योजना बनी थी। जो आज तक मात्र योजना बनकर ही रह गई है, कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्वालागंज स्थित बस स्टाप से बसों का संचालन अंदर से हो इसको लेकर अधीनस्थों को कई बार अवगत कराया गया, परन्तु पूरा सरकारी तंत्र बसों का संचालन अंदर से कराने में अक्षम है। व्यापार मंडल की बैठक में प्रत्येक संगठन से मात्र पांच व्यापारी/पदाधिकारी को ही बैठक में भाग लेने की अनुमति दें जिससे अनावश्यक लोगों की भीड़ न होने पाए और बैठक सुचारू रूप से चल सके। मांग किया कि सभी बिंदुओं को संज्ञान में लेकर अधीनस्थों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी, विनोद गुप्त, रज्जन गुप्त, संजय गुप्ता, संजय जौहरी, विनोद चंदेल, मो0 आसिफ एडवोकेट, दीपू सिंह, मो0 मुकीम, अलीम आदि मौजूद रहे।