संपूर्ण समाधान दिवस स्टाम्प चोरी की शिकायत,अन्य लघु खबरों के साथ

    संपूर्ण समाधान दिवस स्टाम्प चोरी की शिकायत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– संपूर्ण समाधान दिवस में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम का आयोजन तहसील परिसर में किया गया। जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। लोगों ने बिजली, सड़क, जलापूर्ति, राजस्व और पुलिस से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतकर्ता ताराचंद्र पांडेय ने एक प्रार्थना पत्र में बताया गया कि एक जमीन लिखवाई में एक कारोबारी ने भारी स्टाम्प चोरी की है। जो जनहित में नहीं है। सड़क निर्माण कार्य अधूरा है, जिससे आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं कुछ ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बाधित रहने और पेयजल संकट की समस्या भी उठाई। संबंधित अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया। समाधान दिवस के अंत में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को नजरंदाज नहीं किया जाएगा और सभी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
—————————————- 
जिला सैनिक बंधु की बैठक अब 27 को
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी अवकाश प्राप्त कर्नल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक कल (आज) बारह बजे अपरान्ह कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी थी जिसे जिलाधिकारी के आदेशानुसार संशोधित कर 27 मार्च को बारह बजे अपरान्ह कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की जाएगी। बैठक में पूर्व सैनिक उपस्थित हों। बैठक में सैनिकों एवं दिवंगत सैनिकों की पत्नियों की समस्याओं व शिकायतों पर विचारविर्मश कर निस्तारण किया जायेगा।
—————————————– 
निःशुल्क कोचिंग का लाभ उठाएं छात्र-छात्राएं
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर–  जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग में परीक्षा तैयारी हेतु आगामी 01 अप्रैल से तहसील बिंदकी मुख्यालय के अन्तर्गत दयानंद इंटर कालेज में निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जिसमें मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को यूपीएससी, यूपीपीसीएस तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं यूपी टेट, एसएससी, उप्र पुलिस, यूपीएसएसएससी इत्यादि की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग का संचालन किया जायेगा। ऐसे प्रतिभाशाली एवं उत्साही छात्र-छात्राएं जिनके पास प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु पर्याप्त साधन नहीं है उनके लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के माध्यम से सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। इच्छुक छात्र-छात्राएं राजकीय पुस्तकालय आबूनगर व जिला समाज कल्याण अधिकारी के कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में सम्पर्क कर यथाशीघ्र लाभ उठायें।
————————————— 
पिंक रोजगार मेले में 46 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत पिंक रोजगार मेला का आयोजन मंगलवार को राजकीय महिला महाविद्यालय बिंदकी में किया गया। रोजगार मेले में 120 अभ्यर्थिनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में जनपद स्तर की प्राइम कनेक्ट सर्विसेज फतेहपुर द्वारा 17, पुखराज हेलथकेयर द्वारा 21 एवं भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा 08 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 46 योग्य अभ्यर्थियों के लिये चयन सम्बन्धी कार्यवाही की गयी। जिसमें कम्पनियों द्वारा 9000 से 15500 तक प्रतिमाह वेतन पर चयन सम्बन्धी कार्यवाही की गयी। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या महाविद्यालय प्रोफेसर सपना पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में प्रभारी प्लेसमेंट शशॉक पान्डेय एवं महाविद्यालय की प्लेसमेन्ट प्रभारी डा. अनुभा श्रीवास्तव द्वारा सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार ने सहयोग प्रदान किया।
—————————————— 
युवक ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अफोई के समीप मंगलवार की दोपहर 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ऐलई गांव निवासी छेद्दू पासवान का पुत्र बुधराज पासवान सोमवार की दोपहर घर से निकल गया था और गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर अफोई गांव के पास मंगलवार की दोपहर बबूल के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। तत्काल परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई रामबाबू ने बताया कि तीन वर्षों से उसके भाई का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। काफी इलाज करवाया, कोई लाभ न मिलने पर भाई ने घटना को अंजाम दे डाला।
————————————— 
जिला कारागार में निरूद्ध बंदी की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिला कारागार में तीन वर्षों से निरूद्ध बंदी 75 वर्षीय वृद्ध की अचानक तबियत खराब होने पर मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को उसका पोस्टमार्टम कराया। बताते चलें कि सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कुंवरपुर मजरे कूंधन गांव निवासी शिवमंगल का पुत्र कल्लू पासवान उर्फ श्यामलाल 2023 में हत्या के एक मामले में जिला कारागार में निरूद्ध था। बताते हैं कि सोमवार की शाम अचानक उसकी तबियत खराब हो गई। जेल प्रशासन उसे तत्काल लेकर जिला चिकित्सालय लाए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के पुत्र रामजीत ने बताया कि पिता की हालत ठीक नहीं रहती थी। जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
————————————— 
युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, रेफर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के सरांय मीना शाह में मंगलवार की सुबह परिजनों से लड़कर 20 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सरांय मीना शाह गांव निवासी धनीराम का पुत्र संदीप ने मंगलवार की सुबह परिजनों से लड़ने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी संदीप के मित्र बबलू ने दी है।
—————————————- 
युवक को सर्प ने डसा, भर्ती
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसारा में मंगलवार की भोर घर में सो रहे 23 वर्षीय युवक को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार कुसारा गांव निवासी मोतीलाल का पुत्र दिनेश कुमार अपने कमरे में सो रहा था। तभी भोर पहर लगभग साढ़े चार बजे जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया।
————————————— 
सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दरौटा लालपुर निवासी चुनकई लाल की 50 वर्षीय पत्नी ध्यान देवी अपने पुत्र विमल के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही थी। जब वह रिंद नदी के समीप पहुंची तभी अचानक चलती बाइक से गिरकर घायल हो गई। इसी प्रकार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरैला गांव निवासी कृष्ण किशोर का 33 वर्षीय पुत्र संदीप बाइक से किसी काम से जा रहा था। जब वह मलवां थाना क्षेत्र के ढोढ़ियाही के समीप एनएच-2 पर पहुंचा तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। उधर कल्यानपुर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी राजू की 38 वर्षीय पत्नी सरोज ई-रिक्शा में बैठकर सामान लेने जा रही थी। तभी मुरादीपुर के समीप एनएच-2 में पीछे से आ रहे ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दिया। जिससे महिला समेत दो घायल हो गई। सूचना पाकर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
—————————————– 
ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो की मौत
– हादसे में एक घायल, इलाज जारी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– धाता थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर कबरहा के पास सोमवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आ जाने से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए धाता सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे का इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के जमोटी का डेरा मजरे मटिहा गांव निवासी रामसुमेर का 19 वर्षीय पुत्र अनुज सिंह अपने साथी सुनील व जय सिंह पुत्र बृजेश सिंह 22 निवासी जयचन्द्रपुर थाना थरियांव के साथ बाइक से धाता थाने के हिनौता गांव जा रहे थे। जैसे ही ये लोग कबरहा के समीप पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे तीनों बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने अनुज सिंह व जय सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुनील का इलाज किया जा रहा है। उधर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
—————————————– 
सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौत, महिला घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर मलवां थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पुल पर सोमवार रात को अनियंत्रित तेज रफ्तार कार और बाइक में सीधे भिड़ंत हो गई। बाइक सवार गंभीर घायल जीजा और साला की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देख कानपुर के लाला लाजपतराय राय हास्पिटल को रिफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कानपुर शहर के थाना किदवई नगर क्षेत्र के मोहल्ला जूही कालोनी निवासी साबिर (35) पुत्र राजू उनकी पत्नी हुस्ना (30) और साला महफूज (17) पुत्र मोहम्मद फतेहपुर के पीरनपुर में शादी समारोह में आये थे। वें बाइक से वापस कानपुर जा रहे थे तभी मलवां ओवरब्रिज पुल में हादसे का शिकार हो गए। कार और बाइक की सीधी भिड़ंत में साबिर उसके साला महफूज की मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल हुस्ना को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल को रिफर किया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने दो की मौत होने की पुष्टि की है। दुर्घटना की जानकारी शादी समारोह के लोगों को हुई तो कोहराम मच गया, अस्पताल में लोग एकत्र होने लगे। पुलिस ने मृतक परिजनों को जानकारी देते हुए वाहन की तलाश शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *