जल, बिजली व स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम ने की समीक्षा

      ग्रीष्म ऋतु की तैयारियों पर डीएम ने की समीक्षा
जल, बिजली व स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई, 25 मार्च–  संभावित भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर जनपद में पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सभी हैंडपंपों का सर्वे कराया जाए तथा खराब या बंद हैंडपंपों को तत्काल रिबोर कराकर चालू कराया जाए, जिससे पेयजल संकट उत्पन्न न हो।
शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कहीं भी पानी की कमी न आने पाए। साथ ही प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित कराए जाएं तथा खराब पड़े कूलरों को तत्काल मरम्मत कराकर क्रियाशील किया जाए।
विद्युत व्यवस्था के संबंध में अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि जर्जर पोल, ढीले तार एवं अन्य तकनीकी खामियों का सर्वे कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में साफ-सफाई का समुचित प्रबंध सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इसके अतिरिक्त जनपद की समस्त पुलियों एवं सड़कों से जुड़ी संरचनाओं का सर्वे कर जर्जर पुलियों, टूटी रेलिंग आदि की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *