अवैध खनन का खेल बेखौफ जारी, माफिया के आगे नतमस्तक प्रशासन

   मौरंग माफिया के आगे नतमस्तक प्रशासन, अवैध खनन का खेल बेखौफ जारी

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — हमीरपुर जिले में मौरंग माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि जालौन जिले में आवंटित पट्टों के धारक अपनी सीमाएं लांघकर हमीरपुर की सीमा में खुलेआम खनन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह बेबस नजर आ रहा है।
लगातार मीडिया में खबरें प्रकाशित होने और शिकायतों के अंबार के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ठोस कार्रवाई से बचते दिखाई दे रहे हैं। इसका नतीजा यह है कि अवैध खनन का कारोबार दिन-रात बिना किसी डर के फल-फूल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, माफिया नियमों को ताक पर रखकर भारी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर खनन कर रहे हैं। कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं, जिससे उनके हौसले और बुलंद हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन हर बार प्रशासन ने अनदेखी की। इससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।
अवैध खनन से एक ओर जहां सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। नदियों का अस्तित्व खतरे में है और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से कटान बढ़ रहा है, जो भविष्य में बड़े संकट का संकेत है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि माफियाओं में अब कानून का कोई भय नहीं रह गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और इन अवैध गतिविधियों पर सख्ती से लगाम लगाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *