दहेज मुक्त शादी के बाद भी बहू का सितम, अन्य लघु खबरों के साथ

      दहेज मुक्त शादी के बाद भी बहू का सितम
संपत्ति से बेदखल कर बुजुर्ग दंपति ने तोड़ा नाता
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर– तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डीघ में रिश्तों के कत्ल और बुजुर्गों के उत्पीड़न का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। अपनी ही बहू के कथित दुर्व्यवहार और बेटे की बेरुखी से आजिज आकर एक वृद्ध माता-पिता ने बेहद कठोर कदम उठाया है। पीड़ित दंपति ने अपने बेटे और बहू को चल-अचल संपत्ति से बेदखल करते हुए जिलाधिकारी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ग्राम डीघ निवासी सुरेश कुमार द्विवेदी और उनकी पत्नी गायत्री देवी आंगनबाड़ी सहायिका ने बताया कि उन्होंने अपने बड़े पुत्र दीपराज द्विवेदी का विवाह मार्च 2024 में बिना किसी दहेज के संपन्न कराया था। शादी के खर्च और बहू के जेवर बनवाने के लिए बुजुर्ग दंपति ने अपनी सीमित खेती पर बैंक से कर्ज लिया था, जिसका दो लाख का ऋण वे आज भी चुका रहे हैं। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही बहू रागिनी ने ग्रामीण परिवेश में रहने से इनकार कर दिया और सास-ससुर के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। पीड़ित पिता के अनुसार, विवाद बढ़ने पर बेटे-बहू को अलग कर दिया गया, जिसके बाद वे कानपुर में रहने लगे। आरोप है कि वहां से भी बहू ने बेटे के माध्यम से दबाव बनाया कि माता-पिता अपने हिस्से के गहने और खेती की जमीन उसके नाम कर दें। मांग पूरी न होने पर पूरे परिवार को दहेज व अन्य झूठे मुकदमों में फंसाकर बर्बाद करने की धमकी दी जा रही है। सुरेश कुमार ने सिसकते हुए बताया कि बहू के खौफ और लगातार हो रहे अपमान के कारण वे अपने मुख्य घर को छोड़कर दूसरे स्थान पर एक टीन शेड के नीचे रहने को मजबूर हैं। लगातार हो रहे मानसिक और शारीरिक शोषण से क्षुब्ध होकर सुरेश कुमार और उनकी पत्नी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर स्पष्ट कर दिया है कि वे अब अपने पुत्र दीपराज और बहू रागिनी से किसी प्रकार का संबंध नहीं रखना चाहते। उन्होंने सार्वजनिक रूप से दोनों को अपनी समस्त चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। दंपति ने प्रशासन से अपनी जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करने और इस संबंध में आदेश पारित करने की मार्मिक अपील की है।


————————————— 

ई-रिक्शा की डिग्गी तोड़कर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर– फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा की डिग्गी का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए पूरे 6700 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।
मोनू साहू निवासी ग्राम तिलकापुर ने थाना खागा में तहरीर देकर बताया था कि 25 मार्च को नई बाजार कस्बा खागा में खड़े उसके ई-रिक्शा की डिग्गी का ताला तोड़कर 6700 रुपये चोरी कर लिए गए। इस मामले में थाना खागा पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी खागा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पश्चिमी बाईपास अंडरपास के पास से अभियुक्त को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शोएब पुत्र शहीद कुरैशी निवासी मुसबापर पक्का तालाब, कस्बा व थाना खागा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 13 नोट और 200 रुपये का एक नोट, कुल 6700 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने नयी बाजार स्थित गौतम ट्रेडर्स गली में खड़े ई-रिक्शा की डिग्गी का ताला तोड़कर रुपये चोरी किए थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनीश कुमार सिंह और आरक्षी बन्टी कुमार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामला भी शामिल है।


————————————– 

छत से गिरी महिला की एक सप्ताह बाद मौत

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर– फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के विनोवा नगर में एक सप्ताह पूर्व छत से गिरी 34 वर्षीय महिला की हैलट से घर लाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिया।
बताते चलें कि विनोवा नगर निवासी कप्तान गिहार की पत्नी रेनू देवी विगत 20 मार्च को छत में काम करते समय अचानक नीचे गिरकर घायल हो गई थी। परिजन उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाए। जहां से उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया। गुरूवार की शाम परिजन हैलट से छुट्टी कराकर महिला को घर ला रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। उधर परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।


—————————————– 
इलाज के दौरान घायल वृद्ध की मौत

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर–  दो दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल 75 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई। पुलिस ने शव को विच्छेदन हेतु भेज दिया। बताते चलें कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र के देवनगर निवासी स्व0 छुरहा का पुत्र दयाराम 25 मार्च की दोपहर साइकिल से खेत की ओर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां बाद में परिजन अपनी मर्जी से लोधीगंज के समीप स्थित निजी हास्पिटल में इलाज करवा रहे थे। जिसकी गुरूवार की शाम मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।


————————————– 
अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घायल

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर–  जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के सिठौरा गांव निवासी रामचन्द्र का 28 वर्षीय पुत्र राहुल गुरूवार की शाम बाइक से खागा आ रहा था। तभी गौरा के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। इसी प्रकार राधानगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणनपुर गांव निवासी रामू का 18 वर्षीय पुत्र श्यामू बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह बिलन्दा के समीप पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। उधर असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी रमेश का 15 वर्षीय पुत्र अमन शुक्रवार की दोपहर ई-रिक्शा में बैठकर थरियांव आ रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा बहरामपुर ओवर ब्रिज के समीप पहुंचा तभी पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।


—————————————— 
नीलगाय से टकराकर बाइक सवार की मौत

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर–  खखरेरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम शिवपुरी डिग्री कालेज के समीप सड़क पार कर रही नीलगाय से टकराकर 24 वर्षीय बाइक सवार की घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खखरेरू कस्बा के वार्ड नं0 2 गांधीनगर निवासी स्व0 प्यारेलाल का पुत्र मनीष कुमार बाइक से किसी काम से जा रहा था। जब वह शिवपुरी डिग्री कालेज के पास पहुंचा तभी अचानक निकल रही नीलगाय से टकरा गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।


—————————————— 
ट्रेन से कटकर युवक की मौत

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिन्दकी, फतेहपुर–  खागा कोतवाली के सतनरैनी स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ जाने से 22 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली के टेनी गांव निवासी रमेश का पुत्र योगेश कुमार अपने निजी काम से जा रहा था। जब वह सतनरैनी रेलवे स्टेशन के समीप लाइन पार करने लगा तभी ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *