बाइक के कटे पार्ट बरामद, वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, शातिर गिरफ्तार
बाइक के कटे पार्ट बरामद, वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, शातिर गिरफ्तार
वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार
– बाइक के कटे पार्ट बरामद
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में शातिर चोर। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के थाना जहानाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट बरामद किए हैं।
ग्राम मोहम्मदपुर थाना गाजीपुर निवासी प्रदीप कुमार उर्फ कप्तान सिंह ने थाना जहानाबाद में तहरीर देकर बताया था कि 23/24 मार्च 2026 की मध्य रात्रि को अमौली रोड चौराहा स्थित देशी शराब की दुकान के सामने से उनकी काले रंग की पैशन प्रो यूपी-71वी/6236 मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। इस संबंध में थाना जहानाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नहर कोठी खंडहर और ग्राम गोकुलपुर के पास छापेमारी कर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बोरी में भरे मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ अन्नू विश्वकर्मा, अरुण रस्तोगी, मोहम्मद हाशिम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी और पहचान छिपाने के लिए बाइक को काटकर उसके पार्ट अलग-अलग कर दिए। चेसिस नंबर मिटा दिया और नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी। बाद में इन पार्ट्स को बेचने के लिए हाशिम को बुलाया गया था, लेकिन पुलिस ने मौके पर ही तीनों को दबोच लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं 317(2), 317(4), 317(5) व 238 की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से अनुज विश्वकर्मा और मोहम्मद हाशिम के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके शातिर अपराधी होने की पुष्टि होती है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीरज कुमार, विकास कन्नौजिया, प्रवीण कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।