अफवाहों पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने किया पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण

    अफवाहों पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने किया पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण
आज ही सुचारु होगी डीजल आपूर्ति, कालाबाजारी पर कार्रवाई के निर्देश
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन  – जनपद में डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई, कोंच सहित विभिन्न क्षेत्रों के एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल की अस्थायी कमी पाई गई। अधिकारियों के अनुसार इसका कारण हाल के दिनों में बढ़ी खपत एवं टैंकरों की समय पर आपूर्ति न होना रहा। वहीं एक स्थान पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद बिक्री बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
उरई एवं कोंच क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान किसानों ने डीजल की कमी से फसलों की बुवाई एवं कटाई प्रभावित होने की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि उसी दिन आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है।


जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर कृत्रिम संकट उत्पन्न करने की कोशिशें सामने आई हैं, जिन्हें चिन्हित कर सख्ती से समाप्त किया जा रहा है। ड्रम में डीजल वितरण पर रोक को समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम बताया गया।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पेट्रोल पंपों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि कालाबाजारी या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें। प्रशासन के अनुसार जनपद में डीजल-पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *