GST घोटाला बेनकाब, फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा
GST घोटाला बेनकाब, फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा
हमीरपुर में बड़ा GST घोटाला बेनकाब, फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — – जनपद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय स्तर पर फर्जी जीएसटी कंपनियां बनाकर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश दुबे (22) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हजारों कंपनियों का जीएसटी पंजीकरण कराता था और बिना किसी वास्तविक व्यापार के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ उठाकर सरकार को भारी चूना लगा रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर लेते थे। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों का उपयोग कर फर्जी कंपनियां खड़ी कर दी जाती थीं और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खेल संचालित किया जाता था।
बरामदगी में शामिल सामान:
4 लैपटॉप
5 मोबाइल फोन
2 रजिस्टर (फर्जी हस्ताक्षर व कंपनियों का विवरण)
सूत्रों के मुताबिक, गिरोह ने करीब 2000 फर्जी कंपनियां बनाकर 7 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।