तालाब में मिला मासूम का शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका
तालाब में मिला मासूम का शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका
तालाब में मिला मासूम का शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका
बाइक सवार दंपत्ति पर परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन, ( एट), संवाददाता– कस्बा एट में 7 वर्षीय बालक के लापता होने के बाद उसका शव तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने एक बाइक सवार दंपत्ति पर बच्चे को टक्कर मारकर इलाज के बहाने ले जाने और बाद में हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एट कस्बे में जनता इंटर कॉलेज के सामने रहने वाली शकुंतला अपनी मां श्याम दुलारी, पुत्र सूर्यांश (7) एवं ढाई वर्षीय पुत्री के साथ निवास करती हैं। उनके पति वीरेंद्र कुमार बाहर रहकर पानीपुरी का व्यवसाय करते हैं। शुक्रवार को शकुंतला शारदा धाम बैरागढ़ दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बालक सूर्यांश ने पास में चल रही भागवत कथा में भंडारे में भोजन करने की इच्छा जताई, जिस पर मां ने उसे पैसे देकर वहां भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, पूर्वाह्न लगभग 11:20 बजे कोंच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार दंपत्ति ने सूर्यांश को टक्कर मार दी। बच्चे की स्थिति गंभीर देख दंपत्ति उसे उपचार के बहाने अपने साथ ले गए, जिसके बाद से वह लापता हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने आसपास के अस्पतालों में बालक की खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने तलाश शुरू की।
शनिवार सुबह पावर ग्रिड के सामने स्थित एक तालाब में शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान लापता बालक सूर्यांश के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज पांडे, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।