स्वयंसेविकाओं ने दिया सेवा और समर्पण का संदेश,विशेष शिविर का समापन

   एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन
– स्वयंसेविकाओं ने दिया सेवा और समर्पण का संदेश
फोटो परिचय-   विशेष शिविर के समापन पर भाग लेतीं छात्राएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– डॉ. भीमराव अंबेडकर महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हुआ। समापन समारोह में छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने स्वयंसेविकाओं के अनुशासन, सेवा भावना एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज के प्रति उत्तरदायी बनाती है तथा उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लक्ष्मीना भारती ने सात दिवसीय शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इनमें स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों एवं महाविद्यालय परिसर की सफाई, साक्षरता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, योग एवं ध्यान सत्र तथा ग्राम सर्वेक्षण जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियाँ शामिल रहीं। बताया कि स्वयंसेविकाओं ने ग्राम भ्रमण कर लोगों को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं शिक्षा के प्रति जागरूक किया। सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनचेतना फैलाने का कार्य किया। शिविर के दौरान बौद्धिक सत्रों में विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उनके ज्ञान एवं दृष्टिकोण में सकारात्मक वृद्धि हुई। समापन समारोह के अवसर पर स्वयंसेविकाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, लोक नृत्य, नाटिकाएँ एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एकता, महिला सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनएसएस समिति के सदस्य बृजेश कुमार पाल, डॉ. राजकुमार, आनंद नाथ सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्वयं सेविकाओ में मरियम शमीम, अनन्या, शशिबाला, शिवानी, फ़ारियार, वैशाली, कोपल, ऋतु आदि ने रोचक और संदेशपरक प्रस्तुति दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *