जालौन में आंगनवाड़ी सेवाओं को मिली नई रफ्तार, 17 केंद्र भवनों का लोकार्पण
जालौन में आंगनवाड़ी सेवाओं को मिली नई रफ्तार, 17 केंद्र भवनों का लोकार्पण
जालौन में आंगनवाड़ी सेवाओं को मिली नई रफ्तार, 17 केंद्र भवनों का लोकार्पण
स्मार्टफोन, उपकरण वितरण और नियुक्ति पत्रों से सशक्त होंगी कार्यकत्रियां
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — प्रदेश सरकार द्वारा आंगनवाड़ी सेवाओं को मजबूत और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। लोक भवन, लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेशभर में आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान 69,804 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन, 2 लाख से अधिक ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस, 18,440 कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही 450 करोड़ रुपये की लागत से 3,170 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों एवं 140 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
जनपद जालौन में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत जनपद में 17 नव-निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया। साथ ही उरई नगर एवं माधौगढ़ में दो बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास कर शिलापट्ट का अनावरण किया गया। इस दौरान 34 नवचयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जालौन परियोजना में 15 तथा कुठौंद में 19 सहायिकाओं की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य परियोजनाओं में आगामी दो दिनों में प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। जनपद को 39 स्मार्टफोन एवं सभी केंद्रों के लिए ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस आवंटित किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र ही कार्यकत्रियों को वितरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरकार की इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण और शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।