जिला सैनिक बंधु की बैठक में समस्याओं पर हुई चर्चा
– 13 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त, शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
फोटो परिचय- बैठक में भाग लेते एडीएम न्यायिक व अन्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला सैनिक बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने की, जबकि संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल दिनेश कुमार शर्मा (अ.प्रा.) ने किया।
बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख मुद्दों में भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक सहायता तथा अन्य शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कर्नल दिनेश कुमार शर्मा ने पिछली बैठक में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कई मामलों में संतोषजनक कार्रवाई की गई है। वहीं, आज की बैठक में कुल 13 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने आईजीआरएस के माध्यम से संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर, कोषाधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, सेवायोजन अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता, सप्लाई डिपो प्रयागराज के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित भी उपस्थित रहे। अंत में कर्नल दिनेश कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।