ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग, मुआवजा दिलाने की मांग
ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग, मुआवजा दिलाने की मांग
शार्ट सर्किट से 21 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक
– ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग, मुआवजा दिलाने की मांग
फोटो परिचय- जली फसल का आंकन करती राजस्व टीम। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर– तहसील क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बिजली के शार्ट सर्किट से इक्कीस बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। उधर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर फसल नुकसान का जहां आंकलन किया वहीं किसानों ने मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जाफराबाद गांव के समीप जय गुरुदेव मंदिर के पीछे गुरुवार की दोपहर बिजली के शार्ट सर्किट से गेहूं की पकी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खेत में लगी आग को देखकर सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसानों व युवाओं ने मिलकर काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची। आग लगने की घटना में जाफराबाद गांव निवासी सुंदर पुत्र गया प्रसाद, सोहनलाल पुत्र गुरुदीन राकेश पुत्र लालमन व दिलीप पुत्र राजाराम की ढाई बीघा गेहूं की फसल जल गई। उधर जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव में बिजली के शार्ट सर्किट से गेहूं के खेतों में आग लगने से सत्रह बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। इस घटना से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। खेत में आग लगने की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग टीम के लेखपाल अजीत उमराव मौके पर पहुंचे और आग लगने से फसलों के नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।