चकबंदी में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत

   चकबंदी में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़ा में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में भारी असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर चकबंदी अधिकारियों व कर्मचारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
रग्घूपुर मजरे गढ़ा गांव निवासी शिकायत कर्ता नागेश त्रिपाठी का आरोप है कि चकबंदी लेखपाल और अन्य अधिकारी मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं तथा वादों की सुनवाई नियमानुसार नहीं की जा रही है। इससे वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और पूरे क्षेत्र के किसान त्रस्त हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चक काटने के नाम पर काश्तकारों से अवैध वसूली की जा रही है और अब तक लाखों रुपये की उगाही हो चुकी है। इसमें एक लेखपाल की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है। इसके अलावा धारा क के तहत खातों का समुचित बंटवारा भी नहीं किया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि दाखिल-खारिज और वरासत के मामलों में एसीओ स्तर पर पांच हजार रुपये तथा सीओ स्तर पर 10 से 15 हजार रुपये तक की मांग की जाती है। वहीं लेखपाल द्वारा वरासत रिपोर्ट, अमलदरामद और खतौनी की नकल के लिए भी अलग-अलग शुल्क वसूले जाने के आरोप हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि चकबंदी कार्यालय में लेखपाल निजी माध्यम से खतौनी की नकल तैयार करवा रहे हैं, जिससे किसानों में अपने भूमि अभिलेखों को लेकर भय का माहौल है। साथ ही सहायक चकबंदी अधिकारी द्वारा तहसील परिसर से दूर निजी स्थान पर कार्यालय संचालित करने के कारण किसानों को पूरे दिन भटकना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि चकबंदी प्रक्रिया पारदर्शी और न्यायसंगत ढंग से पूरी हो सके।
————————————- 


   मंदिर में कब्जे की नियत से काटा पेड़
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– तहसील क्षेत्र के नरैनी गांव स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में पेड़ों की कटाई और भूमि पर कब्जे के प्रयास किया जा रहा है। गांव निवासी कुंवरेंद्र शुक्ला ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार मंदिर परिसर में वर्षों पुराने आम और गुलर के पेड़ लगे थे, जिन्हें कुछ लोगों द्वारा काट दिया गया।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्रामीणों ने मिलकर पेड़ों को काट डाला। विरोध करने पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट भी की गई, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है। इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को आरोपित पक्ष फिर से मंदिर परिसर में पहुंचा और जबरन कब्जे की नीयत से मिट्टी डलवाने लगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मंदिर के पुजारी होने के नाते उन्होंने इसे धार्मिक स्थल की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर की भूमि पर अवैध कब्जा रोका जाए और पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई गई है। एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि शिकायत नहीं मिली है।
————————————– 


 पोर्टल पर पंजीकरण न कराने वाले कीटनाशी विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एकीकृत कीटनाशी प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर पंजीकरण न कराने वाले तीस से अधिक कीटनाशी विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई जिला कृषि रक्षा अधिकारी के निर्देशन में की गई है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि अपर कृषि निदेशक (कृषि रक्षा), कृषि भवन लखनऊ के पत्र 12 सितंबर तथा कृषि निदेशालय के सात मार्च के निर्देशों के अनुपालन में यह कदम उठाया गया है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित पोर्टल का उद्देश्य कीटनाशकों के विक्रय और उपयोग की निगरानी को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने बताया कि सभी कीटनाशी विक्रेताओं को पूर्व में प्रेस विज्ञप्ति एवं विभागीय पत्रों के माध्यम से प्च्डै पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जिन प्रतिष्ठानों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया, उनके विरुद्ध यह कठोर कार्रवाई की गई है। निलंबित किए गए प्रतिष्ठानों में काजल बीज भंडार बिंदकी, आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र लोधीगंज, टीडीएस एग्रो प्राइवेट कंपनी गाजीपुर रोड, सांई ट्रेडर्स दरवेशाबाद, सेंगर एग्रीजंक्शन धमिना, सिंह खाद बीज भंडार बैरामपुर, शुक्ला फर्टीलाइजर एंड पेस्टीसाइड्स, ओम प्रकाश बीज भंडार आंबापुर, तांबेश्वर कृषक जैव ऊर्जा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड खंबापुर सहित अन्य कई प्रतिष्ठान शामिल हैं। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है और इसका पालन न करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने शेष विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए जल्द से जल्द पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि पोर्टल के माध्यम से कीटनाशकों की बिक्री पर निगरानी मजबूत होगी, जिससे नकली एवं अवैध कीटनाशकों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
————————————– 
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत छात्रों को किया जागरूक
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में चल रहे सौ दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शनिवार को सेंट जेवियर्स हाई स्कूल सीनियर सेकेंडरी जीटी रोड में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी ने छात्रों को टीबी क्षय रोग के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 24 मार्च से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य टीबी रोग के प्रति जनमानस को जागरूक कर इसे जड़ से समाप्त करना है। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, बलगम में खून आना, सीने में दर्द, वजन कम होना या भूख न लगना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच करानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि टीबी की पुष्टि होने पर सरकारी अस्पतालों में निरूशुल्क दवा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही भारत सरकार द्वारा एक अप्रैल 2018 से टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पोषण आहार के लिए प्रतिमाह एक हजार रूपए की सहायता राशि भी प्रदान की जाती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्रों ने भी टीबी के प्रति अपने विचार व्यक्त किए और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी ने सभी छात्रों और शिक्षकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर समय पर जांच और उपचार कर सकें। उन्होंने कहा कि टीबी हारेगा, देश जीतेगा का सपना तभी साकार होगा, जब समाज के हर वर्ग का सहयोग मिलेगा।
————————————– 
 युवक ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुकेती में पत्नी के मायके चले जाने से क्षुब्ध 23 वर्षीय युवक ने गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार सुकेती गांव निवासी माधव उर्फ मनोज कुमार लोधी का पुत्र राहुल का अपनी पत्नी शिवदेवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिस पर वह मायके चली गई। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में आम के पेड़ में रस्सी का फंदा डाल कर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना की जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पिता ने दी है।
————————————- 
 अत्यधिक मात्रा में दवा का सेवन करने से बिगड़ी हालत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम नेवलापुर में शनिवार की सुबह 50 वर्षीय महिला ने मानसिक तनाव के चलते भारी मात्रा में दवा खा लिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार नेवलापुर गांव निवासी गजोधर की पत्नी राजदुलारी काफी दिनों से बीमार चल रही थी। आज सुबह उसने भारी मात्रा में दवा खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाए और भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया है।
————————————- 
 सड़क हादसों में तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थरियांव कस्बा निवासी इरशाद का 25 वर्षीय पुत्र एहतेशाम अहमद बाइक से खेत जा रहा था। तभी गांव से कुछ दूर पहुंचते ही सड़क पार कर रहे कुत्ते से बाइक टकरा जाने से गिरकर घायल हो गया। इसी तरह किशनपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी अशोक का 32 वर्षीय पुत्र केशव शनिवार की सुबह रिश्तेदारी में कौशांबी जनपद के फरीदागंज जा रहा था। जब वह खखरेरू कस्बा के समीप पहुंचा तभी विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
———————————– 
   वृद्धा ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम कुरूस्तीकला में मानसिक रूप से विक्षिप्ति 60 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कुरूस्तीकला निवासी चन्द्रसेवक की पत्नी सुनैना देवी काफी दिनों से बीमार चल रही थी। काफी इलाज करवाया गया कोई फायदा न मिलने पर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *