जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक सम्पन्न, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक सम्पन्न, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक सम्पन्न, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जीएसटी, पंजीकरण व नगर सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — जनपद हमीरपुर में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं व्यापारिक वातावरण को सुगम और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जीएसटी से संबंधित समस्याओं और भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को नियमों की स्पष्ट जानकारी देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
नए पंजीकरण में आ रही दिक्कतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एक स्थान पर विशेष कैंप आयोजित कर व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
व्यापारिक संगठनों द्वारा सड़क निर्माण, जल निकासी के लिए नाला निर्माण, बाजारों में शौचालय व्यवस्था, छुट्टा पशुओं की समस्या, ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था, विद्युत ट्रिपिंग, पेयजल आपूर्ति और अतिक्रमण जैसे मुद्दे उठाए गए। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिक्रमण के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रभावी कम्पोजिट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से निर्बाध जलापूर्ति करने को कहा गया।
बैठक में व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी भी साझा की गई और अधिक से अधिक व्यापारियों को इससे जोड़ने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, उपायुक्त राज्य कर कृष्ण प्रकाश, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।