जिला अस्पताल में ब्लड सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ, मरीजों को बड़ी राहत

   जिला अस्पताल में ब्लड सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ, मरीजों को बड़ी राहत

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर —   जिला मुख्यालय स्थित दीवान शत्रुघ्न सिंह जिला अस्पताल में आज सदर विधायक द्वारा ब्लड सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक यूनिट के शुरू होने से अब एक ही ब्लड यूनिट से आरबीसी, प्लेटलेट्स और प्लाज्मा को अलग-अलग किया जा सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज में तेजी और सटीकता आएगी।
अब तक प्लेटलेट्स और प्लाज्मा की आवश्यकता होने पर मरीजों और उनके परिजनों को कानपुर और लखनऊ के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन इस यूनिट के संचालन के बाद जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
विशेष रूप से डेंगू और जलने के मामलों में मरीजों को तत्काल प्लेटलेट्स और प्लाज्मा उपलब्ध कराना संभव होगा, जिससे उपचार में देरी नहीं होगी और मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
शुभारंभ के बाद विधायक और नगर पालिका चेयरमैन ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही मरीजों और तीमारदारों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीएमएस डॉ. आर. एस. प्रजापति, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद सहित अस्पताल के कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *