रात में मिट्टी खनन किया तो होगी सख्त कार्रवाई, प्रशासन की चेतावनी

  रात में मिट्टी खनन किया तो होगी सख्त कार्रवाई

गुगल से लिया गया चित्र
– ईंट भट्ठा संचालकों को प्रशासन की चेतावनी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले में मिट्टी के अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने ईंट भट्ठा संचालकों पर सख्ती शुरू कर दी है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्वीकृत गाटा संख्या के अलावा किसी अन्य स्थान से मिट्टी निकालना, रात के समय खनन करना अथवा ईंट निर्माण के अलावा अन्य व्यावसायिक उपयोग के लिए मिट्टी का प्रयोग करना अवैध खनन माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित भट्ठा स्वामी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने बताया कि शासन के 26 सितंबर 2025 के आदेश के तहत ईंट भट्ठा सत्र 2025-26 के लिए विनियमन शुल्क अग्रिम जमा करने के बाद पोर्टल के माध्यम से स्वीकृत गाटा संख्याओं में ही ईंट पथाई और पलोथन के लिए मिट्टी निकालने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद विभिन्न क्षेत्रों से रात्रि में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। प्रशासन ने सभी ईंट भट्ठा संचालकों को निर्देश दिया है कि केवल पोर्टल पर स्वीकृत गाटा संख्याओं से ही सूर्याेदय के बाद और सूर्यास्त से पहले मिट्टी का खनन करें। प्रत्येक स्वीकृत गाटा पर सूचना बोर्ड लगाना भी अनिवार्य होगा, जिसमें ईंट भट्ठे का नाम, गाटा संख्या और भू-स्वामी का नाम अंकित रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि जांच के दौरान यदि स्वीकृत गाटा के अलावा कहीं और खनन, रात्रिकालीन खनन या स्वीकृत गाटा की आड़ में मिट्टी का अन्यत्र व्यावसायिक उपयोग पाया गया तो उसे अवैध खनन की श्रेणी में माना जाएगा। ऐसे मामलों में उत्तर प्रदेश उप खनिज (परिहार) नियमावली-2021 के प्रावधानों के तहत संबंधित ईंट भट्ठा संचालक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
……………………………………

  चालक की लापरवाही से नहर में गिरा ट्रैक्टर, नाबालिग बाल-बाल बचा

गुगल से लिया गया चित्र
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। क्षेत्र के दयालपुर के पास चालक की लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खेत की जुताई कर लौट रहा ट्रैक्टर नहर की पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। गनीमत रही कि ट्रैक्टर चला रहा नाबालिग चालक आशीष सुरक्षित बच निकला और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक खेत की जुताई के बाद सड़क पर पहुंचा और ट्रैक्टर में चाबी लगी छोड़कर किसी कार्य से नीचे उतर गया। इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठा एक नाबालिग वाहन स्टार्ट कर चल पड़ा। कुछ दूरी आगे स्थित नहर की पुलिया पर पहुंचते ही अनुभवहीन नाबालिग ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग तोड़ता हुआ सीधे नहर में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल नाबालिग को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि नाबालिग को कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने चालक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वाहन में चाबी लगाकर छोड़ना बेहद खतरनाक है। सूचना मिलने पर संबंधित लोग मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को बाहर निकालने की तैयारी शुरू कर दी।
……………………


शांति भंग की आशंका में चौदह गिरफ्तार
– पुलिस ने 460 वाहनों के काटे चालान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति भंग की आशंका के चलते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल चौदह लोगों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर से 2, गाजीपुर से 2, हथगांव से 6, किशनपुर से 2 तथा राधानगर थाना क्षेत्र से 2 लोगों के विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई की गई। वहीं जनपद में यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 460 वाहनों का चालान किया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक वाहन से 1000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया, जबकि दो वाहनों को सीज भी किया गया।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
————————————– –


 ओ-लेवल व सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु करें आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निशुल्क ओ लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शासन के निर्देश पर प्रथम चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत ऐसे अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे जो इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण, पिछड़ा वर्ग से हों, शिक्षित बेरोजगार हों, किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहे हों तथा आयु 35 वर्ष से अधिक न हो। अभिभावकों की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर उस पर पासपोर्ट साइज फोटो चस्पा कर हस्ताक्षर करने होंगे। इसके साथ जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (बोर्ड ऑफ रेवेन्यू/ई-डिस्ट्रिक्ट से जारी), हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न कर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय विकास भवन कक्ष संख्या-114 में निर्धारित समय के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग के अनुसार ओ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष तथा सीसीसी प्रशिक्षण की अवधि तीन माह होगी। 20 जुलाई के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और समय-सारिणी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
————————————— —


अब आनलाइन आवेदन से ही बनेगा हस्तशिल्पी पहचान पत्र
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले के हस्तशिल्पियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र ने स्पष्ट किया है कि हस्तशिल्पी पहचान पत्र (आर्टिजन आईडी) बनवाने के लिए अब केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होगा।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि हस्तशिल्पी पहचान पत्र के लिए वस्त्र मंत्रालय की वेबसाइट प्दकपंद.ींदकपबतंजिे.हवअ.पद पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने जिले के सभी हस्तशिल्पियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन का परीक्षण एवं अनुमोदन हस्तशिल्प सेवा केन्द्र, प्रयागराज द्वारा किया जाएगा। अनुमोदन मिलने के बाद हस्तशिल्पी अपना पहचान पत्र उसी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। जिला उद्योग विभाग ने कहा कि पात्र हस्तशिल्पी समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करें।
———————————- –


   सर्पदंश से वृद्ध किसान की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चक पिहानी में खेतो में काम करते समय 69 वर्षीय वृद्ध किसान को जहरीले सर्प ने डस लिया। उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत की हो गयी।
जानकारी के अनुसार चक पिहानी गांव निवासी स्व0 शीतल का पुत्र रामकुमार खेतो में काम कर रहा था। तभी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुयी तो उसे उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————— 


 फांसी लगा महिला ने दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम छीट का पुरवा मजरे गौरी में बीती रात घरेलू कलह के चलते 50 वर्षीय अधेड़ महिला ने घर के अन्दर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार छीट का पुरवा मजरे गौरी गांव निवासी बलवीर की पत्नी सुनीता देवी जो घरेलू कलह के चलते काफी दिनो से मानसिक तनाव में थी। बीती रात उसने उस वक्त फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब घर के सभी लोग गहरी नींद सो रहे थे। सूचना पाकर मौके में पहुची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————— 


छत से गिरकर युवक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम घूरी में बीती रात छत से गिरकर 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार घूरी गांव निवासी रामसनेही निषाद का पुत्र श्यामू निषाद अपनी घर की छत पर सो रहा था। तभी लघुशंका करने के लिए उठा इसी बीच पैर फिसल जाने से नीचे गिर कर घायल हो गया। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *