माधव मेदनीपुर की जनसमस्याओं को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन

   माधव मेदनीपुर की जनसमस्याओं को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
– जनता को न्याय न मिला तो आगे भी जारी रहेगी लड़ाई: शिवाकांत
फोटो परिचय-  ज्ञापन देने के लिए कांग्रेस नेता संग जाते ग्रामीण।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिन्दकी विधानसभा के कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य शिवाकांत तिवारी एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विकास खंड तेलियानी की ग्राम पंचायत माधव मेदनीपुर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर पात्र ग्रामीणों से कथित रूप से अवैध धन उगाही की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। इसके साथ ही किसानों के हित में नहर पर किए गए अवैध अवरोधों को हटाकर सिंचाई का पानी अंतिम छोर तक पहुंचाने, सरकारी तालाबों एवं चकरोडों पर हुए अतिक्रमण को हटाने तथा राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराने की भी मांग की गई। कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी एडवोकेट ने कहा कि गरीबों, किसानों और ग्रामीणों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज़ बनकर अन्याय, भ्रष्टाचार और शोषण के खिलाफ संघर्ष करती रही है और आगे भी ग्रामीणों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई जारी रखेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान, उदित अवस्थी, विनय कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *