पीड़ित ने एसपी से जांच व परिवार की सुरक्षा की उठाई मांग

   छवि बदनाम करने के लिए झूठा मुकदमा लिखवाने के प्रयास का आरोप
पीड़ित ने एसपी से जांच व परिवार की सुरक्षा की उठाई मांग
फोटो परिचय-  एसपी को शिकायती पत्र देने के लिए खड़ा पीड़ित परिवार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के कृष्ण बिहारी नगर निवासी मो. फरीद पुत्र मो. शकील ने कुछ लोगों पर राजनीतिक व सामाजिक छवि खराब करने के लिए साजिश रचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने, झूठे मुकदमे में फंसाने तथा परिवार को मोहल्ले से भगाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और अपनी तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार मो. फरीद ने आरोप लगाया कि उसकी सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से द्वेष रखने वाले मोबीन शाह, चांद उर्फ एजाज शाह, पल्ला शाह, अनवर शाह तथा ताज बाबू शाह निवासीगण कृष्ण बिहारी नगर सहित कुछ लोग उसकी छवि खराब करने के लिए साजिश कर रहे हैं। आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोगों को भड़काकर उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर जाति विशेष को निशाना बनाकर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं उत्तेजक वीडियो और संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने उक्त लोगों पर गोवंश कटान जैसी गतिविधियों के साथ ही कबाड़ के नाम पर कथित रूप से चोरी अथवा सरकारी सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने के भी आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इनमें से कुछ लोग स्वयं को भाजपा से जुड़ा हुआ बताकर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

फरीद का आरोप है कि लगातार बनाए जा रहे दबाव और धमकियों के कारण उसका परिवार मोहल्ले में असुरक्षित महसूस कर रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपित पक्ष उसके खिलाफ झूठी घटना तैयार कर झूठे गवाह अथवा शिकायतकर्ता खड़े कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर सकता है। संबंधित लोग मोहल्ले का माहौल बिगाड़कर उसे और उसके परिवार को वहां से निकालना चाहते हैं। मकान पर कब्जा करने की नीयत से लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इससे परिवार के सामने जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़ित मो. फरीद ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने तथा स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *