बारिश के बीच भरभराकर गिरा जर्जर मकान, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान
बारिश के बीच भरभराकर गिरा जर्जर मकान, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान
बारिश के बीच भरभराकर गिरा जर्जर मकान, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान; बेघर हुआ परिवार
संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ कालपी (जालौन)। लगातार हो रही तेज बारिश ने कालपी के काजीपुरा मोहल्ले में एक परिवार की मुश्किलें बढ़ा दीं। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे संतोष विश्वकर्मा का पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। मकान के गिरते ही घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे के नीचे दब गया। हादसे के वक्त परिवार के लोग सुरक्षित रहे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मकान के अचानक ढहने से परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, मलबे में दबने से घरेलू सामान खराब हो गया, जबकि मकान गिरने के बाद उनके पास सिर छिपाने के लिए भी सुरक्षित जगह नहीं बची है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कराने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि बारिश के बीच मकान गिरने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है, ऐसे में प्रशासन नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए।