फिर मिला राज्य स्तरीय सम्मान, शिक्षण जगत में बढ़ाया जिले का मान

चंपा शर्मा को फिर मिला राज्य स्तरीय सम्मान
– शिक्षण जगत में बढ़ाया जिले का मान
फोटो परिचय-  सम्मानित होने के बाद शील्ड लिए चंपा शर्मा।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज बहुआ, फतेहपुर। जनपद की शिक्षिका चंपा शर्मा ने एक बार फिर राज्य स्तर पर सम्मान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित निपुण भारत मिशन संगोष्ठी एवं वंदे मातरम पर आधारित शैक्षिक संगोष्ठी में उन्हें सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षा जगत में खुशी की लहर है। अधिकारियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

चंपा शर्मा महिला शिक्षक संघ की अध्यक्ष होने के साथ एसआरजी (स्टेट रिसोर्स ग्रुप) के रूप में बालिका शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, बालिकाओं को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने और विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में उनके प्रयास उन्हें प्रदेश के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहे हैं। इससे पहले भी वह कई पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्त ने शिक्षण संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार रखे। कार्यक्रम में प्रदेश के कुल 116 राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया। चंपा शर्मा का कहना है कि प्रत्येक पुरस्कार केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। हर सम्मान मिलने के बाद अपने कार्यों को और बेहतर तरीके से करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयास करने की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *