दीपावली पर पटाखों के अवैध कारोबार पर डीएम का शिकंजा
दीपावली पर पटाखों के अवैध कारोबार पर डीएम का शिकंजा
दीपावली पर पटाखों के अवैध कारोबार पर डीएम का शिकंजा
– बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण व तय सीमा से अधिक आतिशबाजी रखने वालों की खैर नहीं
फोटो परिचय- जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दीपावली पर पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण, खरीद-बिक्री करने और निर्धारित सीमा से अधिक आतिशबाजी सामग्री रखने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पटाखों की दुकानों, गोदामों और भंडारण स्थलों का नियमानुसार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने आमजन व आतिशबाजी के लाइसेंसधारकों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के पटाखों एवं आतिशबाजी सामग्री का भंडारण, क्रय-विक्रय या वितरण न करे। लाइसेंसधारक भी अपने लाइसेंस में निर्धारित मात्रा और शर्तों के अनुरूप ही आतिशबाजी सामग्री का भंडारण करें। नियमों का उल्लंघन करने, निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे रखने और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में पटाखों की दुकानों और गोदामों की जांच कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। खासतौर पर आतिशबाजी सामग्री के भंडारण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की जाए, ताकि दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपदवासियों से दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने व्यापारियों और लाइसेंसधारकों से नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण दीपावली सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है।