युवा संवाद में गूंजा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का संदेश
युवा संवाद में गूंजा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का संदेश
युवा संवाद में गूंजा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का संदेश – बिंदकी में युवाओं ने सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’, विधायक जय कुमार जैकी ने विपक्ष पर साधा निशाना
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिंदकी नगर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इसके बाद ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर युवाओं से संवाद किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी ने युवाओं से राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार को लेकर चर्चा की।
विधायक जय कुमार जैकी ने कहा कि आज युवाओं को भ्रमित करने के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गलत सूचनाएं एवं प्रोपेगेंडा फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा, टीएमसी सहित विपक्षी दलों से जुड़े लोग युवाओं और विशेषकर जेन-जी को उकसाकर राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी भी संदेश पर आंख मूंदकर विश्वास करने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और नेपाल में जिस तरह युवाओं की भावनाओं को भड़काकर परिस्थितियों को अराजकता की ओर ले जाने के उदाहरण सामने आए हैं, उनसे भारत के युवाओं को सीख लेने की जरूरत है। राजनीतिक एजेंडे के लिए युवाओं की ऊर्जा और आक्रोश का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी के बहकावे में आकर हिंसा, अराजकता या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का हिस्सा न बनें तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें।
जिला उपाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आज आवश्यकता है कि युवा सोशल मीडिया पर आने वाली हर जानकारी की सत्यता परखें और किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम संयोजक प्रशांत ओमर ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रहित के विषयों पर जागरूक करना और उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
कार्यक्रम में बिंदकी नगर पालिका अध्यक्ष राधा साहू, मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह, शशांक ओमर, विष्णु द्विवेदी, अंकित गुप्ता, नीलेश मिश्रा, शिवम ओमर, प्रशांत शुक्ला, स्वाती ओमर, संगीता तिवारी सहित सैकड़ों युवा एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।