ट्रेलर की टक्कर के बाद धू-धू कर जली दमकल गाड़ी, दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। ऋषभदेव थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से दमकल वाहन में आग लग गई। इस हादसे में दमकल गाड़ी में सवार दो कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना माकड़जपा गांव के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। निजी कंपनी का दमकल वाहन गुजरात से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पहले दूसरे वाहन से टकराया और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर दमकल गाड़ी से भिड़ गया।

टक्कर के बाद केबिन में लगी भीषण आग

दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दमकल गाड़ी का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ ही देर में केबिन में आग लग गई और उसमें मौजूद तीन लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने प्रयास कर दमकल वाहन के चालक को बाहर निकाल लिया, लेकिन अंदर फंसे दो अन्य कर्मचारियों की आग में झुलसकर मौत हो गई।

हादसे में दमकल वाहन का चालक और ट्रेलर चालक घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस संबंधित निजी कंपनी से संपर्क कर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

हाईवे पर लगा वाहनों का लंबा जाम

दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यातायात प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *